More
    Homeराजस्थानजयपुरराजस्थान फाउंडेशन की बैठक में भविष्य की योजनाओं पर हुआ विचार-विमर्श

    राजस्थान फाउंडेशन की बैठक में भविष्य की योजनाओं पर हुआ विचार-विमर्श

    जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा है कि राजस्थान फाउंडेशन प्रवासी राजस्थानियों और उनकी मातृभूमि के बीच संबंधों को मजबूत करने तथा राज्य के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने फाउंडेशन के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों के साथ स्थापित हो रहे सशक्त जुड़ाव की सराहना करते हुए इसे और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने आगामी 10 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव सोमवार को शासन सचिवालय में राजस्थान फाउंडेशन की 14वीं कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में फाउंडेशन की गतिविधियों, संगठनात्मक संरचना, देश-विदेश में संचालित इकाइयों, प्रवासी राजस्थानियों से संवाद एवं भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि कार्यक्रम के सत्र रोचक, संवादपरक एवं ज्ञानवर्धक हों, जिससे प्रतिभागियों को सार्थक अनुभव प्राप्त हो।

    देश-विदेश में संचालित इकाइयों और आगामी योजनाओं का प्रस्तुतीकरण

    बैठक में आयुक्त, राजस्थान फाउंडेशन एवं विशिष्ट शासन सचिव, डोरा डॉ. मनीषा अरोड़ा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से फाउंडेशन की कार्यप्रणाली, संगठनात्मक संरचना एवं आगामी गतिविधियों व योजनाओं का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने जानकारी दी कि देश-विदेश में राजस्थान फाउंडेशन की कुल 51 इकाइयां हैं, जिनमें 25 घरेलू इकाइयां एवं 26 अंतरराष्ट्रीय इकाइयां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ये इकाइयां देश-विदेश के उन प्रमुख शहरों में स्थापित की गई हैं, जहां बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी निवास करते हैं। ये इकाइयां प्रवासी राजस्थानियों के लिए सहायता केंद्र के रूप में कार्य करते हुए उनके साथ निरंतर संपर्क, संवाद एवं तालमेल स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

    जिला प्रवासी प्रकोष्ठों और नियमों पर विचार-विमर्श

    डॉ. अरोड़ा ने बताया कि प्रदेश के सभी 41 जिलों में जिला प्रवासी प्रकोष्ठों का गठन किया जा चुका है तथा इनमें नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। बैठक में कार्यकारी समिति की पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालना रिपोर्ट पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त राजस्थान फाउंडेशन की मार्गदर्शिकाओं में संशोधन, राजस्थान फाउंडेशन इकाइयों के लिए प्रारूप आदर्श संविधान तथा फाउंडेशन के सेवा नियमों के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रमुख शासन सचिव, उद्योग एवं डोरा टी. रविकांत, राजस्थान फाउंडेशन की कार्यकारिणी समिति के अन्य सदस्यों के साथ-साथ फाउंडेशन एवं डोरा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here