More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशचार साल में तैयार होगी इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन, निर्माण के लिए निकला...

    चार साल में तैयार होगी इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन, निर्माण के लिए निकला 2548 करोड़ का टेंडर

    इंदौर। मध्य प्रदेश में मनमाड़-इंदौर नई रेल लाइन परियोजना को जमीन पर उतारने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मध्य रेलवे ने वणिहार (सेंधवा) से ग्यासपुरखेड़ी (धामनोद) के बीच 75.5 किलोमीटर लंबे रेलखंड के निर्माण के लिए 2548.37 करोड़ रुपये का ईपीसी टेंडर जारी कर दिया है। इससे पहले डॉ. आंबेडकर नगर (महू) से ग्यासपुरखेड़ी तक 72.66 किलोमीटर रेलखंड के लिए करीब 4930.91 करोड़ रुपये का टेंडर जारी हो चुका है। इस तरह परियोजना के दो महत्वपूर्ण हिस्सों के लिए निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। मनमाड़-इंदौर रेल संघर्ष समिति के प्रमुख मनोज मराठे के अनुसार, 2548.37 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस रेलखंड में लाइन निर्माण के साथ सुरंगें, बड़े पुल, ट्रैक बिछाने, आधुनिक सिग्नलिंग और विद्युतीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। निर्माण कार्य के लिए चार वर्ष की समयसीमा तय की गई है, जबकि निविदा की पहली प्री-बिड बैठक 31 दिसंबर को होगी, बोली जमा करने की अंतिम तारीख 18 मार्च 2027 है और तकनीकी बोलियां 19 मार्च 2027 को खोली जाएंगी।

    सुरंगों के लिए भूगर्भीय सर्वेक्षण

    परियोजना के निर्माण में भूगर्भीय परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान हैदराबाद की रिपोर्ट के अनुसार धुले, सेंधवा, अबू घाटी और सिहोड़ क्षेत्र में 29 ग्राउंड टीईएम सर्वेक्षण किए गए हैं। रिपोर्ट में अधिकांश सुरंगों के उथले स्तर और बेसाल्ट चट्टानों से गुजरने की जानकारी दी गई है तथा जल रिसाव वाली कमजोर चट्टानों पर विशेष तकनीकी सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।

    भौगोलिक अंतर से लागत में बड़ा फर्क

    महू से ग्यासपुरखेड़ी तक 72.66 किलोमीटर लाइन के लिए 4930.91 करोड़ रुपये और ग्यासपुरखेड़ी से सेंधवा तक 75.5 किलोमीटर लाइन के लिए 2548.37 करोड़ रुपये का टेंडर जारी हुआ है। लंबाई में अंतर केवल 2.84 किलोमीटर है, लेकिन पहले खंड की अनुमानित लागत दूसरे की तुलना में लगभग दोगुनी है। इसका प्रमुख कारण दोनों हिस्सों की भौगोलिक परिस्थितियों और निर्माण की जटिलता में अंतर होना है। महू से ग्यासपुरखेड़ी के बीच मानपुर घाट का चुनौतीपूर्ण क्षेत्र, नर्मदा नदी पर प्रस्तावित पुल, कई बड़े रेलवे ब्रिज, सुरंगें और बड़े वायडक्ट का निर्माण करना होगा, जिसके लिए पहाड़ी क्षेत्र में भारी इंजीनियरिंग कार्यों की जरूरत पड़ेगी। इसके मुकाबले ग्यासपुरखेड़ी से सेंधवा वाले खंड की अनुमानित निर्माण लागत कम है, जिसमें भी सुरंग, पुल, ट्रैक, सिग्नलिंग और विद्युतीकरण के कार्य शामिल हैं।

    अलग-अलग हिस्सों में टेंडर और प्रस्तावित स्टेशन

    मनोज मराठे ने बताया कि पूरी परियोजना को तीन से चार हिस्सों में बांटकर अलग-अलग डीपीआर तैयार करने और प्रत्येक खंड के लिए स्वतंत्र टेंडर जारी करने का सुझाव दिया गया था, ताकि निर्माण कार्य समानांतर रूप से शुरू हो सके, परियोजना को गति मिले और लागत में अनावश्यक वृद्धि रोकी जा सके। लगभग 75-75 किलोमीटर के हिस्सों में निविदा प्रक्रिया इसी दिशा में उठाया गया कदम है। इस रेल लाइन के निर्माण में मध्य प्रदेश में कैलोद, कमदपुर, झाड़ी बरोदा, सराय तालाब, नीमगढ़, चिक्तयाबड़, ग्यासपुरखेड़ी, कोठड़ा, जरवाह, अजंदी, बघाड़ी, कुसमारी, जुलवानिया, सली कलां, वनिहार, बवादड़ और मालवा स्टेशन बनेंगे। वहीं महाराष्ट्र में सांगवी, लोकी, शिरपुर, दभाक्षी, कस्बे ललिंग्नान, पूरमपेड़ा, झांझ, छीकाहोल, मालेगांव, यसगांव बीके, मेहुन, चोंधी, खटगांव के साथ मनमाड़, न्यू धुले और नरदाना स्टेशन विकसित किए जाएंगे। लगभग 309 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की लागत 18,036.25 करोड़ रुपये है और इसे 2 सितंबर 2024 को केंद्र की अंतिम मंजूरी मिली थी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here