More
    Homeराजस्थानजयपुरजिला प्रमुख पद पर भाजपा की दावेदारी मजबूत, पाली में तीन नामों...

    जिला प्रमुख पद पर भाजपा की दावेदारी मजबूत, पाली में तीन नामों की चर्चा

    पाली। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के नतीजों के बाद अब जिला प्रमुख और प्रधान के पदों को लेकर राजनीतिक जोड़-तोड़ तेज हो गई है। जिला परिषद में भाजपा को मिली बढ़त ने जिला प्रमुख पद पर उसका दावा मजबूत कर दिया है, लेकिन पार्टी के प्रमुख दावेदार माने जा रहे देवलाल मेघवाल की हार ने भीतर नए समीकरण खड़े कर दिए हैं। अब जिला प्रमुख पद के लिए अन्य दावेदार सामने आ गए हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस बहुमत के आंकड़े से दूर होने के बावजूद सियासी जोड़-तोड़ में जुटी हुई है, हालांकि उसकी ओर से अभी किसी नाम पर अधिक चर्चा नहीं है।

    चौथाराम, गुदड़राम और सीता देवी बावरी का नाम चर्चा में

    जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर भाजपा में फिलहाल तीन नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं, जिनमें चौथाराम, गुदड़राम और सीता देवी बावरी शामिल हैं। पार्टी के भीतर जातीय और सामाजिक समीकरणों के साथ राजनीतिक अनुभव को भी महत्व मिल सकता है। महिला और समाज को प्रतिनिधित्व देने का समीकरण बैठने की स्थिति में सीता देवी बावरी का नाम मजबूत माना जा रहा है। वहीं, चौथाराम पूर्व में सरपंच और उप प्रधान रह चुके हैं, जिससे उनका राजनीतिक अनुभव उनकी दावेदारी को मजबूती देता है। गुदड़राम लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं और संगठन में उनकी पुरानी सक्रियता को उनके पक्ष में देखा जा रहा है। हालांकि, स्थानीय जिला पदाधिकारी फिलहाल फैसले का जिम्मा जयपुर स्थित वरिष्ठ नेतृत्व पर छोड़कर किसी नाम पर खुलकर बोलने से बच रहे हैं।

    19 सीटों के साथ भाजपा का पलड़ा भारी

    जिला परिषद की कुल 33 सीटों में से भाजपा के पास 19 सीटें हैं, जबकि कांग्रेस 14 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े से पीछे है। ऐसे में जिला प्रमुख पद पर भाजपा का कब्जा लगभग तय माना जा रहा है और पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती उपयुक्त चेहरा तय करने की है।

    प्रधान की कुर्सी के लिए भी दिलचस्प मुकाबला

    पंचायत समितियों में प्रधान बनाने को लेकर भी दोनों दलों के अपने-अपने दावे हैं। भाजपा के कुछ पदाधिकारियों का कहना है कि कम सीटों वाली पंचायत समितियों में भी पार्टी अपना प्रधान बनाने की स्थिति में है। उनके मुताबिक, जिले में केवल एक पंचायत समिति ऐसी है जहां भाजपा के लिए प्रधान बनाना कठिन है, जबकि बाकी जगहों पर संभावनाएं बनी हुई हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस सोजत, सुमेरपुर और पाली पंचायत समितियों में प्रधान बनाने की स्थिति में दिख रही है, लेकिन उसे पाली में नगर निगम की तरह राजनीतिक समीकरण बदलने की चिंता भी बनी हुई है। वहीं, बगड़ी, रानी, मारवाड़ जंक्शन और देसूरी में भाजपा का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।

    बाली और रोहट में एक-एक सीट का अंतर बढ़ाएगा रोमांच

    बाली और रोहट पंचायत समितियों में भाजपा और कांग्रेस के बीच केवल एक-एक सीट का अंतर है, जिससे यहां प्रधान पद का चुनाव काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है। दोनों दल निर्दलीयों और संभावित समर्थक सदस्यों को साधने के प्रयास में जुट सकते हैं। इसके अलावा रानी पंचायत समिति में भाजपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही है, क्योंकि यह सीट एससी वर्ग के लिए आरक्षित है और कांग्रेस के पास इस वर्ग में उपयुक्त उम्मीदवार का अभाव बताया जा रहा है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here