More
    Homeराजस्थानअलवरलाल मलबा: यह पहाड़ का लहू नहीं, हमारी नीतियों का हिसाब है

    लाल मलबा: यह पहाड़ का लहू नहीं, हमारी नीतियों का हिसाब है

    विकास का लाल मलबा: बैलाडीला से वायनाड तक, प्रकृति की चेतावनी को कब तक अनदेखा करेंगे?

    महेंद्र कुमार कुशवाह

    (वरिष्ठ पत्रकार/सार्वजनिक स्वास्थ्य व नीतिगत मामलों के विश्लेषक)

     

    भीमे मिडियामी, छत्तू कुंजाम, बिज्जो, मंगू और पालो को नमक, तेल और मिर्च चाहिए थी। इसके लिए उन्हें आठ किलोमीटर पैदल चलना पड़ा, वह भी ऊंचे मलबे के बीच से, जो कई जगह 50-60 फीट तक जमा है और किसी भी पल फिर खिसक सकता है। लोहागांव के ये ग्रामीण किसी अभियान पर नहीं निकले थे। वे किरंदुल के साप्ताहिक बाजार तक सिर्फ़ रसोई का सामान लाने जा रहे थे। यह तस्वीर बताती है कि विकास की कीमत अक्सर वही चुकाते हैं जिनसे उसका कोई वादा किया ही नहीं गया।

    लाल मलबा
    लाल मलबा

    18 नवंबर को दंतेवाड़ा के बैलाडीला में एनएमडीसी के डिपॉजिट-14 का वेस्ट डंप धंस गया। करीब पांच लाख टन खनन अपशिष्ट दो किलोमीटर लंबाई और 150 मीटर चौड़ाई में फैल गया। लगभग दो किलोमीटर जंगल दब गया, और सल्फी व आम समेत लाखों पौधे और पेड़ मिट्टी में समा गए। ठंडे पानी का किंडगेल नाला, जो गांवों और वन्यजीवों का मुख्य जलस्रोत था, पूरी तरह पट गया। लोहागांव, मलांगिर और एंड्री जैसे गांव कट गए, और दंतेवाड़ा पहुंचने के लिए अब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ता है। बिजली के टावर का एक पोल भी चपेट में आया और इलाके में ब्लैकआउट की स्थिति बनी। इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जैव विविधता का नुकसान हुआ है।

    राहत की एक ही बात है कि जनहानि नहीं हुई। पर यह किस्मत की बात है, इंतज़ाम की नहीं, क्योंकि उस वक्त उस रास्ते से कोई गुज़र नहीं रहा था।

    सबसे बड़ा सवाल कंपनी के अपने दावों में छिपा है। एनएमडीसी का कहना है कि यह डंप करीब दो दशक से स्थिर था। इलाके में बारिश भी नहीं हुई थी। फिर भी पहाड़ खिसक गया। कंपनी की शुरुआती सफाई यह रही कि घटना प्राकृतिक कारणों से हुई और खनन गतिविधि से इसका कोई संबंध नहीं। यानी जो डंप खनन के कचरे से ही बना था, उसके ढहने का खनन से कोई रिश्ता नहीं बताया गया। अगर बिना बारिश के एक ‘स्थिर’ डंप ढह जाए, तो उसकी स्थिरता का दावा ही संदिग्ध हो जाता है। जमीन में दरारें पड़ी हैं और पास के डिपॉजिट-13 में नंदराज पहाड़ से जुड़ी गतिविधियों पर भी सवाल उठ रहे हैं।

    यह पहली चेतावनी भी नहीं थी। जुलाई 2024 में किरंदुल में एनएमडीसी के डिपॉजिट-11सी के चेक-डैम में दरार आई, कस्बे में बाढ़ आई और करीब 40 परिवारों को हटाना पड़ा। कंपनी ने तब अत्यधिक बारिश को कारण बताया, पर रिपोर्टों में चेक-डैम की सफाई और रखरखाव में लापरवाही के आरोप लगे। और नंदराज वही पहाड़ है जिसके लिए 2019 में करीब 200 गांवों के लगभग 10,000 आदिवासी किरंदुल में डटे थे। तब ग्राम सभा की मंजूरियों के फर्जी होने के आरोप भी लगे थे।

    अब पैमाना देखिए। कंपनी के घोषित आंकड़ों के मुताबिक एनएमडीसी ने बीते वित्त वर्ष में रिकॉर्ड 53.15 मिलियन टन लौह अयस्क निकाला। लक्ष्य 2030 तक सौ मिलियन टन का है। अयस्क के हर टन के साथ मलबा भी निकलता है, और उसे कहीं न कहीं रखना पड़ता है। उत्पादन के रिकॉर्ड हर साल बनते हैं, पर कचरे की जगह, निगरानी और ढलानों की सुरक्षा का हिसाब सार्वजनिक नहीं होता। बैलाडीला कोई अपवाद नहीं है। यह एक पुरानी और बड़ी कहानी का ताज़ा पन्ना है।

    झारखंड के गोड्डा में दिसंबर 2016 में ललमटिया कोयला खदान का ओवरबर्डन डंप धंसा और 23 मजदूर दब गए। जांच में सामने आया कि सतह पर महीनों से दरारें दिख रही थीं और हादसे वाले दिन भी ब्लास्टिंग के बाद गहरी दरार दिखी। चेतावनी पहाड़ दे रहा था, सुनने वाला कोई नहीं था। ओडिशा के लांजीगढ़ में सितंबर 2024 में बॉक्साइट के ‘रेड मड’ का भंडारण ढांचा टूटा और कीचड़ खेतों में फैल गया।

    केरल के वायनाड में जुलाई 2024 के भूस्खलन में 298 लोगों की जान गई। अध्ययनों के मुताबिक 1950 से 2018 के बीच जिले का करीब 62 प्रतिशत वन आवरण खत्म हुआ और बागानों का क्षेत्र लगभग 1,800 प्रतिशत बढ़ा। माधव गाडगिल समिति ने 2011 में ही पश्चिमी घाट के बड़े हिस्से को पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील घोषित करने की सिफारिश की थी, जो आज तक लागू नहीं हुई। इस साल 7 जुलाई को वायनाड के कल्लाडी में सुरंग परियोजना स्थल पर फिर भूस्खलन हुआ और आठ लोगों की मौत हुई। विशेषज्ञ समिति बनी और सुरंग का काम रोकना पड़ा।

    हिमालय में हालात और गंभीर हैं। भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने 2021 में हिमाचल में 17,120 भूस्खलन-संभावित स्थल चिह्नित किए, जिनमें से 675 बस्तियों या अहम बुनियादी ढांचे के पास हैं। 2023 की बरसात में वहां 400 से अधिक लोग मरे और 2025 में भी सैकड़ों जानें गईं और सड़कें, बिजली और पानी की योजनाएं बह गईं। विशेषज्ञ बार-बार कह रहे हैं कि चौड़ी सड़कें, नदी किनारे निर्माण, तीखी कटी ढलानें, सुरंगों की ब्लास्टिंग और अधूरी भूवैज्ञानिक जांच हादसों को न्योता दे रही हैं। केदारनाथ (2013), चमोली (2021) और जोशीमठ (2023) इसी कड़ी में आते हैं।

    आंकड़े पूरे देश की तस्वीर दिखाते हैं। जीएसआई के अनुसार देश की करीब 12.6 प्रतिशत भूमि, यानी लगभग 4.2 लाख वर्ग किलोमीटर, भूस्खलन के खतरे में है। इसरो के राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र ने 1998 से 2022 के बीच करीब 80,000 भूस्खलन दर्ज किए। 2004 से 2016 के बीच बारिश से हुए घातक भूस्खलनों का लगभग 16 प्रतिशत भारत में हुआ। यानी हमारे पास नक्शे हैं, अध्ययन हैं और चेतावनियां भी हैं। कमी सिर्फ़ इच्छाशक्ति की है। ब्राज़ील के ब्रुमादिन्हो में 2019 में लौह अयस्क खदान का टेलिंग डैम टूटा और 270 लोग मारे गए। अभियोजकों ने आरोप लगाया कि वेल कंपनी ने मुनाफ़े को सुरक्षा से ऊपर रखा।

    जलवायु परिवर्तन इसमें और जोखिम जोड़ रहा है। अनिश्चित मौसम और अचानक तेज़ बारिश पहले से कमज़ोर ढलानों को और खतरनाक बना देती है। बैलाडीला में खिसका मलबा आज बिना बारिश के गिरा है। अगर बारिश आ गई, तो यह ढेर नाले, नदियों और गांवों की ओर और नीचे खिसक सकता है।

    इसलिए इन घटनाओं को ‘प्राकृतिक आपदा’ कहना बंद करना होगा। जब पहाड़ पर कचरे का पहाड़ खड़ा किया जाता है, जंगल की जड़ें काटी जाती हैं, नाले का रास्ता रोका जाता है और दरारों की अनदेखी होती है, तब वह प्राकृतिक आपदा नहीं रह जाती। वह मानव-निर्मित संकट है, जिसके पीछे फैसले हैं और उन फैसलों के जिम्मेदार हैं।

    अब क्या होना चाहिए? पहली बात, आईआईटी मुंबई और रुड़की की जांच खानापूर्ति न रहे। उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक हो और उस पर जनसुनवाई हो। दूसरी बात, जांच पूरी होने तक डिपॉजिट-14 में नई डंपिंग और विस्तार पर रोक लगे। तीसरी बात, एनएमडीसी समेत देश की सभी खदानों के डंपों का स्वतंत्र ऑडिट हो, जिसमें दरारें, ढलान, जल निकासी और ठेकेदारों की भूमिका दर्ज हो। चौथी बात, प्रभावित गांवों के लिए वैकल्पिक सड़क, राशन, इलाज और पीने के पानी की तत्काल व्यवस्था हो और नुकसान का मुआवज़ा तय किया जाए। पांचवीं बात, लापरवाही साबित होने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कंपनी की जवाबदेही तय हो। और छठी बात, पश्चिमी घाट पर गाडगिल जैसी सिफारिशों और हिमालय में निर्माण के नियमों पर टालमटोल बंद हो।

    खनिज देश की ज़रूरत हैं, इससे इनकार नहीं। लेकिन जिस विकास में गर्भवती महिलाओं और बीमारों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पहाड़ चढ़ना पड़े, उसे हम किस मुंह से प्रगति कहें? बैलाडीला का यह लाल मलबा हरे जंगल के बीच एक चेतावनी की लकीर है। इसे आज नहीं पढ़ा गया, तो कल इसकी इबारत किसी और पहाड़ पर, किसी और गांव की तकदीर बनकर लिखी जाएगी।

     

    (लेखक वरिष्ठ पत्रकार और सार्वजनिक स्वास्थ्य व नीतिगत मामलों के विश्लेषक हैं)

     

    यह आलेख मौलिक और अप्रकाशित है. स्वीकृति अथवा अस्वीकृति दोनों स्थिति में कृपया सूचित अवश्य करें. आभार.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here