More
    Homeतीन दिगंबर जैन मुनियों के समाधि मरण पर विनयांजलि सभा आयोजित

    तीन दिगंबर जैन मुनियों के समाधि मरण पर विनयांजलि सभा आयोजित

    अलवर में सकल जैन समाज ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, मुनियों के त्याग, तप और आध्यात्मिक जीवन का किया स्मरण

    अलवर। तीन दिगंबर जैन मुनियों के समाधि मरण पर श्री दिगंबर जैन अग्रवाल पंचायत मंदिर, बलजी राठौर की गली में सकल जैन समाज की ओर से विनयांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में समाज के विभिन्न घटकों के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने तीनों मुनिराज के पावन चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके त्याग, तपस्या, साधना और आध्यात्मिक जीवन का स्मरण किया। सभा में बताया गया कि संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री 108 अक्षय सागर महाराज का 26 नवंबर को शाहपुरा की ओर संघ सहित विहार करते समय अचानक स्वास्थ्य खराब हो गया। इस दौरान संघ के अन्य मुनियों ने उन्हें एक वृक्ष के नीचे विराजमान कराया और णमोकार मंत्र का श्रवण कराया। कुछ समय बाद उनका समाधि मरण हो गया।

    इसी क्रम में वाक्केशरी आचार्य श्री विनिश्चय सागर महाराज के शिष्य मुनि श्री 108 अर्पण सागर महाराज का लखनऊ के टिकैत नगर में समतापूर्वक समाधि मरण हुआ। वहीं जैन आगमों के गहन अध्ययन, स्वाध्याय और संघ में ज्ञान की प्रभावना करने वाले प्रख्यात तपस्वी संत उपाध्याय श्री 108 आदिश सागर महाराज का भी हृदय गति रुकने से समतापूर्वक समाधि मरण हो गया।

    तीनों मुनिराज के समाधि मरण पर आयोजित विनयांजलि सभा में वक्ताओं ने उनके आध्यात्मिक जीवन, तप, त्याग, संयम और धर्म प्रभावना के कार्यों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि जैन संतों का जीवन संयम, साधना, आत्मकल्याण और मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत होता है।

    सभा में दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन, खंडेलवाल जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण कुमार जैन, पल्लीवाल  जैन समाज के अध्यक्ष पार्श्व जैन, बड़तला समाज के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन, अग्रवाल जैन समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक जैन, मंत्री कैलाश चंद जैन तथा ताराचंद जैन सहित जयंती परिवार एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने तीनों मुनिराज के प्रति भावभीनी विनयांजलि अर्पित करते हुए उनके चरणों में शत-शत नमन किया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here