नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में अदालत की अवमानना की एक याचिका दायर की गई है। इसमें यह जांचने की मांग की गई है कि क्या तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय या उनके किसी मंत्री ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर 'दीपथून' में 'कार्तिगई दीपम' जलाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू न करने के निर्देश दिए थे।
किसने दायर की याचिका और क्या है मुख्य मांग
यह याचिका रामा रविकुमार ने दाखिल की है, जो मद्रास हाईकोर्ट में उन मूल याचिकाकर्ताओं में से एक थे जिन्होंने 'दीपथून' में दीप जलाने की मांग की थी। उन्होंने दीप जलाने के सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने के आरोप में ग्यारह सरकारी अधिकारियों और मंदिर के पदाधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि यह प्रकरण केवल किसी न्यायिक आदेश को लागू करने में विफलता का नहीं है, बल्कि इसे जानबूझकर विफल करने का है। रविकुमार ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को यह निर्देश देने की मांग की है कि वे एक व्यक्तिगत हलफनामा दायर करें, जिसमें सरकारी स्तर पर निर्णय लेने की पूरी प्रक्रिया का खुलासा हो और मुख्यमंत्री तथा उनके मंत्रियों की यदि कोई भूमिका हो तो वह भी शामिल हो।
रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग और 1994 के फैसले का हवाला
याचिकाकर्ता ने राजनीतिक कार्यपालिका और संबंधित अधिकारियों के मध्य हुई फाइल नोटिंग, बैठकों के मिनट्स, खुफिया रिपोर्टों तथा इलेक्ट्रॉनिक संचार को सुरक्षित रखने और अदालत के समक्ष पेश करने की भी मांग की है। याचिका में उल्लेख किया गया है कि आदेश की अवहेलना के लिए जिम्मेदारी उसके मूल स्रोत तक तय की जानी चाहिए, न कि केवल उन अधिकारियों तक सीमित रखी जानी चाहिए जिन्हें इसे लागू करने का दायित्व सौंपा गया था। याचिकाकर्ता ने 'मोहम्मद असलम उर्फ भूरे बनाम भारत संघ' मामले में सुप्रीम कोर्ट के 1994 के निर्णय का हवाला देते हुए तर्क दिया है कि यदि व्यक्तिगत जिम्मेदारी साबित होती है, तो मुख्यमंत्री को भी अदालत की अवमानना के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश और ट्रस्टी बोर्ड के निर्णय पर उठे सवाल
20 नवंबर को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ ने मंदिर प्रशासन द्वारा अधिकृत एक सीमित टीम के माध्यम से 24 नवंबर को 'दीपथून' पर पारंपरिक दीपक जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन त्योहार के दिन मद्रास हाई कोर्ट के समक्ष मदुरै के जिला कलेक्टर व राज्य सरकार की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन के आश्वासन के बावजूद दीपक नहीं जलाया गया। अवमानना याचिका में उन परिस्थितियों पर प्रश्न उठाया गया है जिनके तहत मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड ने सर्वसम्मति से पारंपरिक स्थान पर दीपक जलाने का निर्णय लिया था। याचिका के मुताबिक मंदिर प्रशासन ने अपने फैसले को सही ठहराने के लिए धार्मिक परंपराओं, 'आगम' नियमों तथा धार्मिक विशेषज्ञों और 'स्थानिकारों' की राय का हवाला दिया था, जबकि याचिका में दावा किया गया है कि मंदिर के 'स्थानिकम भट्टरों' ने इस बात से इनकार किया है कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 'दीपथून' पर दीपक जलाने के संबंध में कोई राय दी थी।
आरोपित पदाधिकारियों की सूची और नई तिथि तय करने का अनुरोध
याचिका में कहा गया है कि ट्रस्टी किसी प्रस्ताव के जरिए न्यायिक आदेश को दरकिनार नहीं कर सकते। जिन लोगों पर अवमानना का आरोप लगाया गया है, उनमें हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती आयुक्त टी.जी. विनय, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण, पुलिस आयुक्त एस. राजेंद्रन, पुलिस उपायुक्त इनिगो विजयन, संयुक्त आयुक्त, मंदिर के कार्यकारी अधिकारी और मंदिर के पांच ट्रस्टी सम्मिलित हैं। याचिकाकर्ता ने न्यायालय से अनुरोध किया है कि अवज्ञा को अधिकृत करने, निर्देशित करने या जानबूझकर उकसाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध स्वतः संज्ञान लेते हुए आपराधिक अवमानना कार्यवाही शुरू करने पर विचार किया जाए, चाहे वे किसी भी पद पर आसीन हों। सजा की मांग के अलावा रविकुमार ने न्यायालय से संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए दीपथून में दीप प्रज्वलन के लिए सात दिनों के भीतर एक नई तिथि निर्धारित करने का भी आग्रह किया है और कहा है कि अधिकारियों को अवज्ञा के माध्यम से वह हासिल करने की अनुमति नहीं दी जा सकती जो वे न्यायिक कार्यवाही के माध्यम से हासिल नहीं कर सके। यह अवमानना याचिका वरिष्ठ अधिवक्ता पी. वल्लियाप्पन द्वारा तैयार की गई तथा अधिवक्ता जी. बालाजी के माध्यम से दायर की गई।


