मोतियाबिंद के मरीजों के लेंस प्रत्यारोपण का ऑपरेशन होगा निशुल्क, रहने, खाने, दवाइयों और चश्मे की भी मिलेगी सुविधा
अलवर। महावीर इंटरनेशनल अलवर केंद्र की ओर से संचालित आचार्य हस्ति चिकित्सालय में 27 नवंबर, शुक्रवार को निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन एवं कैल्शियम जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक शांतिकुंज, भवानी तोप सर्किल स्थित आचार्य हस्ति चिकित्सालय में लगेगा। इसमें मरीजों की नेत्र जांच के साथ कैल्शियम की निःशुल्क जांच भी की जाएगी।
केंद्र के कोषाध्यक्ष वीर हेमंत मोदी ने बताया कि शिविर में चिकित्सकों की ओर से मरीजों की आंखों की जांच कर मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को चिह्नित किया जाएगा। चिह्नित मरीजों के लेंस प्रत्यारोपण के ऑपरेशन नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश गुप्ता द्वारा निःशुल्क किए जाएंगे। ऑपरेशन के बाद मरीजों को रहने, खाने, दवाइयों और चश्मे की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले मरीजों की कैल्शियम जांच भी बिना किसी शुल्क के की जाएगी। इसके साथ ही वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र जैन और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. हरि सिंह मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देंगे। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को आंखों और हड्डियों से संबंधित जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
महावीर इंटरनेशनल अलवर केंद्र की ओर से आमजन से शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है।

