रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब के सामने स्थित आई नेस्ट एपल स्टोर से लगभग दो करोड़ रुपये कीमत के 173 आईफोन चोरी होने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। महज आठ मिनट के भीतर इस बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने 25 दिनों तक कड़ी मशक्कत की। पुलिस ने इंदौर से गिरोह के मुख्य सरगना को धर दबोचा, जबकि चोरी किए गए आईफोन विदेश में बेचने की फिराक में जुटे कारोबारी सफान खान को मुंबई हवाई अड्डे के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के 125 आईफोन जब्त किए हैं, वहीं गिरोह के दो अन्य फरार सदस्यों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
एक हजार सीसीटीवी कैमरों और एआई तकनीक से खुला राज
प्रकरण की तफ्तीश के दौरान पुलिस दल ने 265 किलोमीटर लंबे मार्ग पर स्थापित एक हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली और 1,100 सेल डंप एकत्र कर 10 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। खास बात यह थी कि घटना के वक्त बदमाशों ने किसी भी मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रयोग नहीं किया था। शुरुआती जांच में स्टोर के आसपास लगे करीब 100 कैमरों से कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा, लेकिन जांच का दायरा बढ़ाने पर 20 किलोमीटर दूर कुम्हारी में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल का फुटेज मिला। पुलिस ने गौर किया कि बाइक की खराब हेडलाइट की वजह से उसकी परछाई अर्धचंद्राकार नजर आ रही थी और साथ ही एक संदिग्ध का धुंधला चेहरा भी कैमरे में कैद हुआ। इसके पश्चात आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की सहायता से संदिग्ध का संभावित स्केच तैयार करवाकर ऑल इंडिया पुलिस ग्रुप में प्रसारित किया गया, जिसे देखकर देवास पुलिस ने उसकी शिनाख्त 47 से ज्यादा प्रकरणों में वांछित हिस्ट्रीशीटर 43 वर्षीय राजेश सिंह झाला निवासी देवास के तौर पर की।
रेकी के बाद बाइक चोरी और महाराष्ट्र के जंगल में छिपाया वाहन
पड़ताल में यह तथ्य सामने आया कि मध्य प्रदेश के देवास का रहने वाला राजेश सिंह झाला अपने गिरोह के साथ विशेष रूप से एपल स्टोर को ही लक्ष्य बनाता था, क्योंकि एपल के उत्पाद कीमती होने के कारण उन्हें विदेशों में खपाना सहज होता है। अक्तूबर माह के आखिरी सप्ताह में इस गिरोह ने रायपुर पहुंचकर स्टोर की रेकी की थी और फिर जोरा मॉल की पार्किंग से एक बाइक चुराकर उसे महाराष्ट्र के सकोली के जंगल में छिपाने के बाद देवास लौट गया। बदमाशों ने चोरी की मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट और चेसिस नंबर बदल दिए थे। इसके बाद 31 अक्तूबर को आरोपी पुनः रायपुर आए और रात्रि में दुकान का शटर तोड़कर आईफोन व अन्य उपकरण समेटकर फरार हो गए। पुलिस टीम ने बाइक की हेडलाइट से बनने वाली अर्धचंद्राकार परछाई का पीछा करते हुए महाराष्ट्र के सकोली के जंगल तक पहुंच बनाई और चार दिनों के सघन तलाशी अभियान के बाद जंगल से वह मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
बड़वानी व कोलकाता में दबिश के बाद मुंबई एयरपोर्ट से दबोचा गया खरीदार
गिरोह का मुखिया राजेश सिंह झाला अपने पुत्र राज झाला और रिश्तेदार राजेश लोधी के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था, जबकि सफान खान चोरी के माल को ठिकाने लगाने का काम करता था। सरगना राजेश से पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने सफान के बड़वानी स्थित आवास पर दबिश दी। वहां बैंक लेनदेन की पड़ताल करने पर मालूम हुआ कि वारदात के छह दिन पश्चात सफान के खाते में कोलकाता से पांच लाख रुपये भेजे गए थे। इसके बाद पुलिस ने कोलकाता में सफान की बहन के घर छापेमारी कर पूछताछ की, जिससे मिले सुरागों के सहारे पुलिस सफान तक जा पहुंची और उसे देश छोड़कर विदेश भागने से ऐन पहले मुंबई एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया।


