More
    Homeराज्यमहाराष्ट्रफर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र पर पुणे जिला परिषद की कार्रवाई, 5 शिक्षकों पर...

    फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र पर पुणे जिला परिषद की कार्रवाई, 5 शिक्षकों पर गिरी गाज

    पुणे। पुणे जिला परिषद के शिक्षकों के दिव्यांगता प्रमाणपत्रों की दोबारा हुई स्वास्थ्य जांच में चौंकाने वाला अंतर सामने आया है। पांच शिक्षकों के पूर्व के प्रमाणपत्रों में 18 से 60 प्रतिशत तक दिव्यांगता अंकित थी, जबकि नवीन मेडिकल री-चेकअप में यह शून्य से 10 प्रतिशत के बीच मिली है। दोनों जांच रिपोर्टों में भिन्नता पाए जाने के पश्चात जिला परिषद प्रशासन ने पांचों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। पुणे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटिल ने यह जानकारी साझा करते हुए संबंधित शिक्षकों के नाम भी जारी किए।

    पांच शिक्षकों की जांच रिपोर्ट में आया बड़ा फर्क

    मेडिकल परीक्षण में शिरूर तहसील के तांदली गांव निवासी कोमल जालिंदर शिरसाट का पूर्व दिव्यांगता प्रतिशत 52 दर्ज था, जो नई जांच में शून्य निकला। खेड़ तहसील के मुटकवाड़ी की अरुणा विजयकुमार तांबे के प्रमाणपत्र में पहले 42 प्रतिशत दिव्यांगता अंकित थी, जबकि दोबारा जांच में यह एक प्रतिशत पाई गई। इसी क्रम में आंबेगांव तहसील के दरस्तुरवाड़ी निवासी मधुकर महादेव डोंगरे का दिव्यांगता स्तर 60 प्रतिशत से कम होकर 10 प्रतिशत और शिंगवे के सुभाष संपतराव इंदोरे का 18 प्रतिशत से घटकर आठ प्रतिशत रह गया। इसके अलावा हवेली तहसील के वडकीनाला की वाजीदा बादशाह शेख का पुराना प्रमाणपत्र 45 प्रतिशत दिव्यांगता का था, किंतु नई जांच रिपोर्ट में यह शून्य पाया गया।

    पूर्व में 46 प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बाद दोबारा सुर्खियों में मामला

    तत्कालीन शिक्षा अधिकारी संजय नाइकवडी के कार्यकाल के दौरान इस जांच की शुरुआत हुई थी। पहले चरण में 176 प्रमाणपत्रों का परीक्षण किया गया था, जिनमें से 46 प्रमाणपत्र फर्जी निकले थे और उनमें से 41 शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्त सुविधाएं समाप्त कर दी गई थीं। अब पांच अन्य शिक्षकों के निलंबन के बाद यह प्रकरण एक बार फिर सुर्खियों में है तथा जिला परिषद प्रशासन की इस कार्रवाई से शिक्षकों के दिव्यांग प्रमाणपत्रों की पड़ताल और उनकी सत्यता का विषय सामने आया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here