More
    Homeराजस्थानजयपुरराजस्थान में फ्लाइट टिकटों का अजब गणित, मुंबई से महंगा पड़ रहा...

    राजस्थान में फ्लाइट टिकटों का अजब गणित, मुंबई से महंगा पड़ रहा जैसलमेर का सफर

    जयपुर। राजस्थान की पहचान 'पधारो म्हारे देस' के रूप में रही है, लेकिन विमानन कंपनियों की नीतियों ने इसे मानो 'पधारो, पर पहले पर्स दिखाओ' की स्थिति में ला खड़ा किया है। हवाई यात्रियों के मन में यह बड़ा सवाल उठ रहा है कि जब प्रदेश में आने वाले सैलानियों की संख्या प्रतिवर्ष बढ़ रही है, तो हवाई मार्ग पर उड़ानों की संख्या में इजाफा क्यों नहीं हो रहा है। इसकी वजह संभवतः एयरलाइंस की उस 'सीमित उड़ान' व्यवस्था में निहित है, जो पर्यटन सीजन शुरू होते ही हवाई किरायों को आसमान पर पहुंचा देती है। जयपुर से जैसलमेर का हवाई टिकट 25 हजार रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि मुंबई का किराया 9 हजार रुपये से भी कम है। जानकारों का मानना है कि अपर्याप्त हवाई कनेक्टिविटी ही किरायों की इस मनमानी की मुख्य वजह है।

    अक्टूबर से मार्च तक सीमित उड़ानें और गर्मियों में बंद होने की मार

    अक्टूबर से मार्च के बीच संचालित होने वाली मौसमी उड़ानें ग्रीष्म ऋतु आते ही बंद हो जाती हैं, जिससे यह प्रश्न खड़ा होता है कि पर्यटन के 'ब्रांड राजस्थान' को उड़ान कौन देगा और कौन इसे जमीन पर ही सीमित रखेगा। पर्यटन कारोबार के समक्ष कनेक्टिविटी एक बड़ी बाधा बनी हुई है। विमानन कंपनियां मुख्यतः अक्टूबर से मार्च के दौरान ही जैसलमेर और बीकानेर जैसे शहरों के लिए उड़ानें चलाती हैं और गर्मी की शुरुआत होते ही यात्रियों की कम संख्या का हवाला देकर इन मार्गों पर सेवाएं रोक देती हैं। इसका खामियाजा आम यात्रियों, कॉरपोरेट जगत से जुड़े लोगों और सैलानियों को भुगतना पड़ता है, साथ ही ऑफ सीजन में पर्यटन को प्रोत्साहन देने की योजनाओं पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।

    जैसलमेर का किराया 25 हजार रुपये तक, बीकानेर के लिए कनेक्टिंग उड़ान का सहारा

    25 से 31 दिसंबर के बीच जयपुर-जैसलमेर मार्ग पर सीधी फ्लाइट उपलब्ध न होने के कारण यात्रियों को कनेक्टिंग उड़ानों का सहारा लेना पड़ रहा है और हवाई किराया अभी से 12 हजार से 25 हजार रुपये के स्तर तक पहुंच गया है। वहीं जयपुर से उदयपुर का किराया 10 से 12 हजार रुपये और जोधपुर की सीधी उड़ान का किराया 6 से 8 हजार रुपये के बीच दर्ज किया गया है। जयपुर से बीकानेर जाने के लिए भी यात्रियों के पास कनेक्टिंग फ्लाइट के अलावा कोई विकल्प नहीं है। इसके उलट इसी समयावधि में जयपुर से मुंबई का हवाई किराया 7 से 9 हजार रुपये के मध्य है। विमानन क्षेत्र के जानकारों के मुताबिक दिसंबर के अंतिम सप्ताह में अभी एक माह का वक्त बाकी है, ऐसे में आने वाले दिनों में किरायों में डेढ़ से दोगुना तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

    सैलानियों की बढ़ रही दिक्कतें और सालभर कनेक्टिविटी की मांग

    एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान में देशी और विदेशी पर्यटकों की संख्या निरंतर बढ़ रही है, लेकिन उस अनुपात में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बीच हवाई संपर्क का विस्तार नहीं हो सका है। जयपुर से जैसलमेर अथवा उदयपुर की यात्रा के लिए मुंबई की तुलना में अधिक किराया देना सैलानियों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी करता है। नतीजतन अधिक समय लगने के बावजूद यात्रियों को सड़क या ट्रेन का रुख करने के लिए विवश होना पड़ता है। विशेषज्ञों की राय है कि राज्य में पूरे वर्ष नियमित हवाई सेवाएं बहाल करने के लिए एयरलाइंस कंपनियों के साथ तालमेल बैठाने और किरायों पर लगाम कसने के लिए ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here