नागपुर। नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ड्रग पेडलरों को धर दबोचा है। विभिन्न ठिकानों पर की गई छापामार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 किलो 625 ग्राम मेफेड्रॉन (एमडी) ड्रग्स जब्त किया है। तेलंगाना से पहुंची पुलिस टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए क्राइम ब्रांच ने सक्करदरा इलाके में दबिश देकर एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया।
उससे पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर दो अन्य तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इतनी बड़ी तादाद में मादक पदार्थ की बरामदगी पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी है, लेकिन यह इस बात की ओर भी इशारा करती है कि शहर में नशीले पदार्थों की मांग और खपत किस कदर बढ़ चुकी है। इन प्रकरणों में पांच अन्य संदिग्ध अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दसरा रोड, महल निवासी प्रतीक कदम, 24 वर्षीय अब्दुल आरिफ अब्दुल रफीक और सोमवारी क्वार्टर निवासी 50 वर्षीय शेख रफीक शेख अब्दुल सत्तार के रूप में हुई है।
पुराने नेटवर्क की कड़ियों से खुला राज
गौरतलब है कि इसी साल अगस्त माह में तेलंगाना पुलिस ने एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 27 किलो एमडी और 40 किलो एसीटोन बरामद किया था। उस मामले में शहर के कुख्यात अपराधी चेतन मधुकर मेश्राम और आकाश गावंडे की गिरफ्तारी हुई थी, जबकि शहर की सबसे पुरानी और चर्चित ड्रग पेडलर चंदा ठाकुर तथा गोपाल पटेलिया फरार चल रहे थे।
तेलंगाना पुलिस ने उस समय पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए थे, जिनके डेटा के जरिए तस्करी की पिछली और अगली कड़ियों को जोड़ा जा रहा था। पुलिस चेतन के संपर्क में रहने वाले पेडलरों पर लगातार नजर गड़ाए हुए थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि चेतन से जुड़े तस्कर सोमवारी क्वार्टर निवासी शेख रफीक शेख अब्दुल सत्तार ने बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ खरीदा है।
संयुक्त दबिश और मामला दर्ज
रफीक की धरपकड़ के लिए तेलंगाना पुलिस ने डीसीपी क्राइम दीपक अग्रवाल से मदद मांगी। उनके निर्देश पर एनडीपीएस सेल और तेलंगाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रफीक के अड्डे पर छापा मारा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 132 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि कुछ माल उसने प्रतीक कदम और आरिफ से खरीदा था, जबकि शेष खेप राजस्थान के जितेंद्र से मंगवाई थी। इस संबंध में सक्करदरा थाने में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
तकनीकी निगरानी से हत्थे चढ़े अन्य आरोपी
डीसीपी अग्रवाल ने मामले की तफ्तीश को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच यूनिट-3 को सौंपी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग के जरिए प्रतीक का पता लगाया और दसरा रोड स्थित साने गुरुजी उद्यान के पास घेराबंदी कर प्रतीक और आरिफ दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 1 किलो 493 ग्राम एमडी बरामद हुई।
डेढ़ करोड़ से अधिक का माल जब्त, फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया है। जांच में सामने आया है कि प्रतीक एक पुराना ड्रग तस्कर है और उसने यह खेप राजस्थान के अक्की नामक व्यक्ति से खरीदी थी। वह पहले गंगा काकड़े और रवि महतो के गिरोह के लिए काम करता था तथा मई महीने में सौरभ घाटे पर हुई गोलीबारी की घटना में भी नामजद आरोपी रहा है। पूछताछ में प्रतीक ने गणेशपेठ के सारंग सुरेश उघडे को 50 ग्राम और यशोधरानगर के रोहित गणेश डेकाटे को 20 ग्राम ड्रग्स बेचने की बात कबूल की है। पुलिस ने इन सभी को मामले में आरोपी बनाते हुए फरार संदिग्धों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।


