जुगमंदिर तायल स्मृति सम्मान समारोह में वैज्ञानिक एवं शायर गौहर रज़ा सम्मानित, प्रो. रतन लाल ने कहा- महापुरुषों की विरासत उनके कर्मों में खोजें
अलवर। देश की युवा पीढ़ी को वैज्ञानिक दृष्टि, इतिहास बोध और लोकतांत्रिक मानवीय मूल्यों से जोड़ना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। शिक्षा की रोशनी के माध्यम से ही समाज में व्याप्त अंधविश्वास और वैचारिक अंधकार को दूर किया जा सकता है। यह बात देश के प्रसिद्ध वैज्ञानिक एवं शायर गौहर रज़ा ने कही। वे जुगमंदिर तायल फाउंडेशन की ओर से पुलिस अन्वेषण भवन के समारोह हॉल में आयोजित जुगमंदिर तायल स्मृति सम्मान समारोह एवं व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे।
साहित्यकार जीवन सिंह मानवी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में गौहर रज़ा को विज्ञान, साहित्य और समाज के बीच सार्थक संवाद स्थापित करने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जुगमंदिर तायल स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें 21 हजार रुपए की राशि, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
गौहर रज़ा ने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन से निकले नेताओं की परवरिश उस दौर के श्रेष्ठ साहित्यकारों, कवियों, लेखकों, वैज्ञानिकों, कार्टूनिस्टों, नाटककारों और कलाकारों के बीच हुई थी। उन्होंने विभिन्न दर्शनों और चिंतनधाराओं से सीखकर आधुनिक भारत के समाज की कल्पना की। इसके विपरीत आज राजनीतिक नेतृत्व के आसपास धार्मिक आडंबर और अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाली विचारधाराएं हावी होती जा रही हैं। इससे समाज धर्म, जाति और संस्कृति के आधार पर विभाजित हो रहा है तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण की उपेक्षा हो रही है।
उन्होंने कहा कि जिन वैज्ञानिक और अकादमिक संस्थानों को बनाने में दशकों लगे, उनके आर्थिक अनुदान में कटौती कर उन्हें कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। यह भी चिंताजनक है कि विज्ञान की शिक्षा प्राप्त लोग भी अंधविश्वास फैलाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि युवाओं को वैज्ञानिक सोच, इतिहास की समझ और लोकतांत्रिक मानवीय मूल्यों से जोड़कर देश की साझी विरासत को सुरक्षित रखने के लिए तैयार किया जाए।
महापुरुषों के विचार और कर्म ही वास्तविक विरासत : प्रो. रतन लाल
इस अवसर पर ‘इतिहास की रोशनी में वर्तमान भारत’ विषय पर व्याख्यान देते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के इतिहास के प्रोफेसर रतन लाल ने कहा कि भारत की विरासत महापुरुषों की मूर्तियों में नहीं, बल्कि उनके विचारों और कर्मों में खोजनी चाहिए। नेहरू, अंबेडकर, पटेल और मौलाना आजाद जैसे नेताओं ने आजादी के बाद धर्मनिरपेक्ष और समाजवादी भारत के निर्माण की परिकल्पना की थी, जिसमें सार्वजनिक क्षेत्र आम जनता के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।
उन्होंने कहा कि आज सार्वजनिक क्षेत्र को कमजोर कर देश को कॉरपोरेट के हवाले किया जा रहा है। हमें ऐसे भारत के निर्माण के लिए प्रयास करना होगा, जहां गरीब व्यक्ति भी सम्मान के साथ जीवन जी सके। महिलाएं, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक सुरक्षित महसूस करें तथा समाज में भाईचारे और एक-दूसरे की गरिमा के सम्मान का भाव हो।
इतिहास और विज्ञान से ज्यादा जरूरी है बोध : जीवन सिंह मानवी
अध्यक्षीय उद्बोधन में साहित्यकार जीवन सिंह मानवी ने कहा कि आधुनिक जीवन मूल्यों वाले समाज का निर्माण केवल इतिहास की जानकारी से नहीं, बल्कि इतिहास बोध से होता है। इसी तरह विज्ञान पढ़ने से अधिक जरूरी विज्ञान बोध है। इतिहास बोध के अभाव में हम मिथक और इतिहास के बीच अंतर नहीं कर पाते। विज्ञान बोध की कमी के कारण वैज्ञानिक शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में प्रो. रतन लाल के माध्यम से इतिहास बोध और गौहर रज़ा के विचारों के माध्यम से विज्ञान बोध को समझने का अवसर मिला। यही समाज को सही दिशा देने का रास्ता है।
कार्यक्रम में नूर मोहम्मद ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने प्रो. जुगमंदिर तायल के मेवात क्षेत्र में बालिका शिक्षा के लिए किए गए योगदान को याद किया। डॉ. महेंद्र गुप्ता ने आभार व्यक्त किया तथा मंच संचालन डॉ. भारत मीना ने किया।
इस अवसर पर सुधा तायल, सुमन तायल, राजकुमार बख्शी, डॉ. छंगाराम मीना, डॉ. योगमाया सैनी, घनश्याम शर्मा, डॉ. नंदकिशोर मौर्य, डॉ. महेश गोठवाल, भागीरथ मीना, ताहिर खान लपाला, रुज़दार आधाका, मजीद महुआ, अकबर बिदरका, सर्वेश जैन, रईसा, डॉ. रामानंद यादव, डॉ. जगतपाल, रामचरण राग, कैप्टन केएल सिरोही और डॉ. महेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


