More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशदेवास में लापरवाही पर सरकार की कार्रवाई, महाप्रबंधक निलंबित और ठेकेदार पर...

    देवास में लापरवाही पर सरकार की कार्रवाई, महाप्रबंधक निलंबित और ठेकेदार पर जुर्माना

    देवास। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को देवास स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने एक-एक कर सभी आवेदकों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। एक आवेदक की समस्या का समय पर समाधान न करने, प्रकरण से जुड़ी फाइल प्रस्तुत न कर पाने और कार्य के प्रति उदासीन रवैया अपनाने पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए देवास उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतनसिंह डाबर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

    जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई

    समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आवेदिका सलोनी सिसोदिया से बातचीत कर उनकी शिकायत जानी। सलोनी ने बताया कि उन्हें लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति नहीं मिली है और राशि किसी दूसरे बैंक खाते में चली गई है, तथा पर्यवेक्षक को अवगत कराने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। इस पर मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की सोनकच्छ पर्यवेक्षक वर्षा निक्कम की एक वेतन वृद्धि रोकने के आदेश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    दिवंगत सैनिक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवंगत सैनिक स्व. पवन यादव के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा में प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों के परिवारों का सम्मान और संबल शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने परिजनों से भेंट कर आश्वस्त किया कि प्रकरण का आवश्यक परीक्षण कराकर स्व. पवन यादव को शहीद का दर्जा देने पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।

    किसान को 50 हजार की राहत और लापरवाह ठेकेदार पर जुर्माना

    वन अधिकार पट्टाधारी किसान लालसिंह को फसल बीमा का लाभ न मिलने की शिकायत संज्ञान में आने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें 50 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत करने की घोषणा की और अधिकारियों को भुगतान प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा। इस संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने देवास जिले के करण देवड़ा, नीरज दुबे, सलोनी सिसोदिया, हरेंद्र पांचाल और लालसिंह पिता रतनलाल की समस्याओं को सुनकर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, देवास निवासी सुरेश मालवीय द्वारा नल जल योजना में गड़बड़ी की शिकायत किए जाने पर मुख्यमंत्री ने लापरवाही बरतने वाले संबंधित ठेकेदार पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here