More
    Homeराजस्थानजयपुरराजस्थान में सर्दी का दोहरा असर, दिन में राहत तो रात में...

    राजस्थान में सर्दी का दोहरा असर, दिन में राहत तो रात में गलन बढ़ी

    जयपुर। राजस्थान के मौसम में दिन और रात के तापमान के बीच बड़ा अंतर दिखाई देने लगा है। दोपहर के वक्त तीखी धूप खिलने से ठंड की चुभन कम हो रही है, लेकिन शाम होते ही पारा तेजी से नीचे लुढ़कने लगता है। शुक्रवार को राज्य के सात स्थानों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा, जबकि दस से ज्यादा जगहों पर रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। फतेहपुर में सबसे कम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी हिस्सों में दिन की गर्मी में इजाफा हो रहा है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 31.4, चित्तौड़गढ़ में 31.2, जोधपुर में 31, पिलानी में 30.7, जैसलमेर में 30.4 और चूरू में 30.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इन इलाकों में दोपहर के समय लोगों को ठंड से राहत मिली।

    फतेहपुर में सबसे ज्यादा ठंड, कई शहरों में रात का पारा गिरा

    दिन में पारा चढ़ने के बावजूद रात की सर्दी में कोई नरमी नहीं आई है। शुक्रवार को फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहा, जबकि नागौर में 6.4, टोंक में 7.6, चूरू में 8, पिलानी में 8.2, अलवर में 8.5 और भीलवाड़ा में 8.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। अजमेर में रात का न्यूनतम तापमान 9.9 और उदयपुर में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन क्षेत्रों में तड़के और देर रात चल रही ठंडी हवाओं से लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है।

    पूर्वी हवाओं के असर से उत्तरी ठंडी हवाएं पड़ीं धीमी

    मौसम जानकारों के मुताबिक पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से उत्तर दिशा से आने वाली सर्द हवाओं का जोर कम हुआ है। इसी वजह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। मौसम साफ रहने और तेज धूप निकलने से दिन में गर्माहट बढ़ी है, मगर रात में तापमान गिरने से ठंड का असर बरकरार है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here