मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में सांसद पार्थ पवार की ओर से संगठनात्मक नियुक्तियों का दौर लगातार जारी है। अपने नजदीकी नेताओं और समर्थकों को पार्टी में अहम जिम्मेदारियां देने के क्रम में पार्थ पवार ने अर्जुन मेघे को मुंबई राष्ट्रवादी कांग्रेस का युवक अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्थ पवार ने स्वयं अर्जुन मेघे को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि अर्जुन मेघे ने कुछ ही महीने पहले भारतीय जनता पार्टी छोड़कर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी का दामन थामा था। इतने कम अंतराल में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलने से सियासी हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी हैं।
इससे पूर्व पार्थ पवार के प्रयासों से उमेश पाटील को पार्टी का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता तथा विधायक जीशान सिद्दीकी को मुंबई राष्ट्रवादी कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। उन नियुक्तियों को लेकर पार्टी के भीतर कुछ वरिष्ठ नेताओं ने कथित तौर पर असंतोष जाहिर किया था। अब अर्जुन मेघे को पद सौंपे जाने के बाद पार्टी के अंदर एक बार फिर नाराजगी उभरने के कयास लगाए जा रहे हैं।
मुंबई इकाई के अध्यक्ष बनाए गए जीशान सिद्दीकी ने 25 नवंबर को विधिवत पद संभाला। इस अवसर पर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार और प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सुनील तटकरे भी उपस्थित थे।
भाजपा युवा मोर्चा से एनसीपी में आए थे अर्जुन मेघे
अर्जुन मेघे पहले भाजपा युवा मोर्चा के दक्षिण मुंबई अध्यक्ष का दायित्व संभाल चुके हैं। वे महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और स्वर्गीय नेता दत्ता मेघे के पुत्र हैं। मुंबई में हुए एक कार्यक्रम के दौरान एनसीपी के विदर्भ नेता और राज्य मंत्री इंद्रनील नाइक की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी राष्ट्रवादी कांग्रेस की राह चुनी थी।
पार्टी में आने के महज पांच महीने के भीतर उन्हें मुंबई राष्ट्रवादी कांग्रेस के युवक अध्यक्ष का पद सौंप दिया गया है और पार्थ पवार ने उन्हें नियुक्ति पत्र भी दे दिया है।
जीशान सिद्दीकी और उमेश पाटील की नियुक्तियों पर भी हुई थी चर्चा
हाल के दिनों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने अपने संगठन के ढांचे में कई अहम फेरबदल किए हैं। विधायक जीशान सिद्दीकी को मुंबई इकाई की कमान और सोलापुर के उमेश पाटील को राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई थी।
इन दोनों नियुक्तियों का ऐलान राष्ट्रवादी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने किया था। उपमुख्यमंत्री के सरकारी आवास ‘देवगिरी’ में सांसद पार्थ पवार सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति में दोनों नेताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे।
वरिष्ठ नेताओं में असंतोष की सुगबुगाहट
बीते कुछ समय से पार्थ पवार पार्टी के संगठन को विस्तार देने में सक्रिय भूमिका अदा कर रहे हैं। राष्ट्रीय विद्यार्थी अध्यक्ष, महाराष्ट्र युवती तथा विद्यार्थी विंग के पदों पर भी उनके स्तर से मनोनयन किए गए हैं। अब अर्जुन मेघे को मुंबई राष्ट्रवादी युवक अध्यक्ष बनाकर उन्होंने मुंबई में संगठन को सशक्त करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
हालांकि, सिलसिलेवार हो रही इन नियुक्तियों को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष की बातें भी सामने आ रही हैं। नियुक्तियों की प्रक्रिया और तरीके को लेकर कुछ वरिष्ठ नेताओं ने नाखुशी जताई थी। ऐसे में अर्जुन मेघे की नियुक्ति के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस के अंदर एक बार फिर सियासी सरगर्मी तेज होने की उम्मीद है।


