रायपुर। प्रदेश की अस्मिता, लोक संस्कृति, परंपराओं और छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव को समर्पित छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम 28 नवंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित किया जाएगा। सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में होने वाले इस आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रातः 10 बजे करेंगे। इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार के साथ-साथ साहित्यिक लेखन को बढ़ावा देने वाली विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
इस समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और रायपुर के लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल होंगे। उद्घाटन सत्र के दौरान छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार स्वागत भाषण प्रस्तुत करेंगी, जबकि आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा अध्यक्षीय संबोधन देंगे।
छत्तीसगढ़ी बोली प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा होने के साथ-साथ यहां के जनजीवन, लोक साहित्य, लोकगीतों, लोककथाओं और सामाजिक रीति-रिवाजों की वाहक है। राजभाषा दिवस का यह आयोजन मातृभाषा के प्रति लोगों में सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत करने, रचनाकारों का हौसला बढ़ाने तथा युवा पीढ़ी को अपनी भाषाई व सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का खास माध्यम बनेगा।
छत्तीसगढ़ी साहित्य की 14 पुस्तकों का होगा लोकार्पण
समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य को सशक्त बनाने के उद्देश्य से रचनाकारों की 14 पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। इन कृतियों में अरविंद मिश्र की ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’, बिसरू राम कुर्रे की ‘माटी के लाल’, गणेश्वर पटेल की ‘आखर अउ अंजोर’, पद्मा साहू ‘पर्वणी’ की ‘उधारी के सुवासा’, सुमित्रा साहू की ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’, रामकुमार वर्मा की ‘जसगीत झांकी भाग-02’, अमोल दास टंडन की ‘मय माटी अंव रे झन बाटव ये देश ल’, बलराम मिर्झा की ‘धर्म क्रांति के अगवा’, प्रिया देवांगन की ‘माटी के सिरजाय छंद’, सुधा वर्मा (डॉ. सत्यभामा आडिल) की ‘अंचरा के धागा’, सुधा वर्मा की ‘ठउर खोजत बसंत’, डोरे लाल कैवर्त की ‘अमृत गंगार’, बंशीधर लाल की ‘सियान के गोठ’ तथा डूमन लाल धु्रव की ‘जिनगी बिरथा नइ जाय’ शामिल हैं।
पांच रचनाकारों का किया जाएगा सम्मान
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी भाषा व साहित्य के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले पांच साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों में गरियाबंद जिले के मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, रायगढ़ जिले की सुधा देवांगन, सरगुजा जिले के बतौली निवासी सुदामा राम गुप्ता और रायपुर जिले के ईश्वर साहू ‘बंधी’ तथा गोविंद धनगर के नाम शामिल हैं। समारोह के दौरान अतिथियों को स्थानीय परंपरा के अनुसार ‘मया चिन्हारी’ भी प्रदान की जाएगी।
‘पुरखा के सुरता’ विषय पर होगी साहित्यिक चर्चा
राजभाषा दिवस के दूसरे सत्र में दोपहर एक बजे से दो बजे तक साहित्यिक संवाद आयोजित किया जाएगा। ‘पुरखा के सुरता’ शीर्षक से होने वाली यह चर्चा दिवंगत डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रहेगी, जिसमें डॉ. कल्पना मिश्रा और डॉ. रेशमा अंसारी वक्ता के रूप में अपने विचार साझा करेंगी। यह आयोजन छत्तीसगढ़ी साहित्य की समृद्ध परंपरा और वरिष्ठ साहित्यकारों के योगदान को याद करने का अवसर देगा।
कवि सम्मेलन में गूंजेंगी माटी की संवेदनाएं
समारोह के तीसरे सत्र में दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें साहित्यकार और कविगण अपनी कविताओं के जरिए छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, जनजीवन, सांस्कृतिक विविधता और धरती से जुड़ी भावनाओं को स्वर देंगे। छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा और सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार ने प्रदेश के साहित्यकारों, कवियों, लेखकों व भाषा प्रेमियों को इस उत्सव में भाग लेने का आमंत्रण दिया है।


