नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की राह में आने वाली प्रत्येक अड़चन को समाप्त करेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि जो राजनीतिक दल इस कदम के खिलाफ खड़े हैं, वे इसे रोकने में कभी कामयाब नहीं हो सकेंगे।
संसद के विशेष सत्र से पहले पीएम मोदी का संदेश
आगामी सप्ताह संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर बहस और इसे पारित कराने से पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की 'नारी शक्ति' को जो वचन दिया गया है, सरकार उसे धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के अंतर्गत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या को बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 प्रतिनिधि शामिल हो सकेंगे। इसके अतिरिक्त, राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीट सीमा को भी 500 से बढ़ाकर 650 करने की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध कर रहे दल देश की मातृशक्ति को संसद और विधानसभाओं में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ाने से कतई नहीं रोक पाएंगे, यह केवल समय की बात है।
गृह मंत्री अमित शाह ने बताया ऐतिहासिक कदम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि नारी शक्ति को जनप्रतिनिधित्व में सशक्त हिस्सेदारी दिलाना मोदी सरकार का प्रमुख संकल्प रहा है। उन्होंने लिखा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को दी गई स्वीकृति के साथ ही देश की महिलाओं का दशकों लंबा इंतजार खत्म होने जा रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए लोकसभा व विधानसभाओं में जो 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया था, वह अब हकीकत बनने जा रहा है। शाह ने आगे कहा कि विधानसभाओं में महिलाओं की न्यूनतम एक-तिहाई मौजूदगी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की नीतियों को अधिक समावेशी बनाएगी, जबकि लोकसभा में उनकी भागीदारी कानून बनाने और राष्ट्रीय प्राथमिकताएं तय करने में एक नया दृष्टिकोण जोड़ेगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने उल्लेख किया कि अनुच्छेद 170(1) में संशोधन कर विधानसभा सीटों की सीमा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने के प्रस्ताव से उत्तर प्रदेश को बिना विभाजन के अपना प्रतिनिधित्व बढ़ाने का अवसर मिलेगा और वहां की महिलाओं को अब तक की सबसे बड़ी हिस्सेदारी प्राप्त होगी।
परिसीमन प्रक्रिया से जुड़ा है आरक्षण का क्रियान्वयन
प्रधानमंत्री का यह बयान केंद्रीय कैबिनेट द्वारा लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 फीसदी महिला आरक्षण को अमलीजामा पहनाने वाले नए विधायी प्रस्तावों को हरी झंडी दिखाने के ठीक एक दिन बाद सामने आया है। इस विधायी पैकेज में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 सम्मिलित हैं। गौरतलब है कि संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023, जिसे 'महिला आरक्षण अधिनियम' कहा जाता है, सदनों में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान करता है, लेकिन इसके लागू होने की शर्त जनगणना के आंकड़ों के बाद होने वाली परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ी गई थी।


