मुंबई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर टिप्पणी किए जाने के बाद देश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। राहुल गांधी ने कहा था कि भारत को अंतरराष्ट्रीय विमर्श में प्रमुख भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन वर्तमान में वह महज एक 'साइड प्लेयर' बनकर रह गया है। उनके इस वक्तव्य पर भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के नेताओं ने तीव्र नाराजगी व्यक्त की है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते अब देश के विरुद्ध बोलने लगे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
राम कदम ने राहुल गांधी के बयानों पर उठाए सवाल
मुंबई में भाजपा नेता राम कदम ने कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कोई भी वक्तव्य या सोशल मीडिया पोस्ट देख लिया जाए, यदि उसमें से दो मिनट के लिए उनका नाम हटाकर किसी आम नागरिक से पूछा जाए कि यह किसकी बात हो सकती है, तो स्कूल में पढ़ने वाला एक साधारण विद्यार्थी भी यही कहेगा कि यह बयान पाकिस्तान में बैठे किसी भारत-विरोधी तत्व का है।
पाकिस्तान को खुश करने वाले बयानों का लगाया आरोप
राम कदम ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी के प्रत्येक बयान से सीमा पार पाकिस्तान में बैठे आतंकवाद के सरगनाओं को खुशी मिलती है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर हर बार ऐसा क्यों होता है कि उनके बयानों से भारत विरोधियों को बल मिलता है, और आज देश की जनता यही जवाब मांग रही है।


