More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशगलतफहमी में दूसरी महिला पर तलवार से वार, बेटे की जान बचाने...

    गलतफहमी में दूसरी महिला पर तलवार से वार, बेटे की जान बचाने के लिए मां ने दिखाई सूझबूझ

    देवास। जिले के नेवरी ग्राम में आयोजित हाट बाजार के दौरान एक हैरान कर देने वाली और भयावह घटना सामने आई है। यहां अपनी पत्नी के चाल-चलन पर संदेह करने वाले एक व्यक्ति ने गलतफहमी के चलते दूसरी महिला पर तलवार से हमला कर दिया। बाजार में दो बच्चों के साथ खरीदारी कर रही महिला को देखकर हमलावर को यह भ्रम हो गया कि वह उसकी पत्नी है, और इसी शक में उसने पीछे से तलवार से वार कर दिया।

    इस हमले में महिला के हाथ तथा सिर पर चोटें आई हैं, जबकि उसका पांच वर्षीय छोटा बेटा भी घायल हो गया। शुक्रवार रात लगभग साढ़े आठ बजे जख्मी महिला, उसके बच्चों और पति को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। महिला अपने पांच और तीन वर्ष के बच्चों के साथ एक दुकान पर सामान ले रही थी, तभी अचानक पीछे से हमलावर पहुंचा और ताबड़तोड़ वार करने लगा।

    खून से लथपथ मां ने बेटे को दुकान के नीचे छिपाया

    खुद पर तलवार से प्रहार होने के बावजूद मां ने साहस नहीं खोया और सबसे पहले अपने बच्चों को सुरक्षित बचाने का प्रयास किया। घायल महिला पपीता बाई काजलिया ने बताया कि वे नेवरी के हाट बाजार से बच्चों के लिए सामग्री खरीद रही थीं। हमले के वक्त उन्होंने अपने पांच साल के बेटे अभिषेक को फौरन नीचे झुकाया और दुकान के नीचे छिपा दिया, जिससे बच्चे की जान बच गई, हालांकि उसके सिर में चोट लग गई।

    पत्नी के शक में नेवरी आया था आरोपी

    पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल के अनुसार, आरोपी पंकज सीहोर का निवासी है और शुक्रवार को नेवरी आया था। उसकी पत्नी मायके आई हुई थी और आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। बाजार में जब उसने बच्चों के साथ एक महिला को देखा, तो उसे गलतफहमी हो गई कि वही उसकी पत्नी है, और बिना कुछ सोचे-समझे उसने तलवार से हमला बोल दिया।

    पीड़िता बोली मैं हमलावर को नहीं जानती

    घायल पपीता बाई काजलिया का कहना है कि वे उदयनगर की रहने वाली हैं और कुछ माह पूर्व ही अपने पति के साथ नेवरी में खेतों पर मजदूरी करने आई थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे हमलावर को बिल्कुल नहीं पहचानतीं और न ही उन्होंने उसे पहले कभी देखा है। चूंकि प्रहार पीछे से किया गया था, इसलिए वे उसका चेहरा भी ठीक से नहीं देख सकीं।

    लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

    हमले के बाद जब आरोपी वहां से भागने लगा, तो आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। चौकी प्रभारी हर्ष चौधरी ने बताया कि आरोपी पंकज बामणिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि घायल महिला और उसके बच्चों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here