विद्यालय परिसर में 21 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए सृजक संस्थान ने
अलवर, ।सृजक संस्थान की ओर से पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक सार्थक पहल के तहत शुक्रवार को रा. बा. सी. सै. स्कूल, देवीजी की गली परिसर में सघन वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे हुई, जिसमें विद्यालय परिसर में 21 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर पुरस्कृत शिक्षक वर्षा आहूजा, कार्तिकेय, भार्गवी व अशोक आहूजा ने अपने परिवार के साथ मिलकर विद्यालय परिसर में आम, जामुन, अनार, आँवला, पीपल, बरगद, नीम, शमी, बिल्वपत्र, इमली, कनेर, मीठी नीम, अमरूद, चाँदनी जैसे फलदार व छायादार वृक्षों का रोपण किया।
सृजक संस्थान के सचिव रामचरण ‘राग’ ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुभाष नकड़ा ने बाँसुरी पर सावन के गीतों की सरगम छेड़ी, जिससे वातावरण में मधुरता घुल गई। इस बीच, पूर्व संयुक्त शिक्षा निदेशक विष्णु स्वामी ने छात्राओं को वृक्षों के महत्व पर प्रेरक उद्बोधन दिया और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
संस्थान की ओर से उपस्थित छात्राओं एवं अतिथियों को पेड़ लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प भी दिलाया गया। वृक्षारोपण में विद्यालय की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो आयोजन को सहभागी व जीवंत बना गया।
इस विशेष अवसर पर सृजक संस्थान के संरक्षक रघुवर दयाल जैन का माला पहनाकर सार्वजनिक अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में संरक्षक भरत सिंह अहरोदिया, गिरवर सिंह बाँकावत, शिक्षाविद श्रीमती रेणु मिश्रा, मंजु शर्मा, कवयित्री शीला स्वामी, राष्ट्रपति स्काउट शंभूदयाल शर्मा, समाजसेवी राज नारायण सैन, राजेश कृष्ण सिद्ध, मोहन सिंह राघव, मुकेश पचौरी, राधेश्याम शर्मा, कुलदीप सिंह अहरोदिया, सलौनी पचौरी, लक्ष्मण राम, अमर सिंह गोपालिया, अजीत कुमार, कवि प्रदीप माथुर, जगदीश भारद्वाज, रंगकर्मी महेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोकुल राम शर्मा ‘दिवाकर’ सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या संगीता मीणा ने सभी अतिथियों एवं सृजक संस्थान के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक रामचरण ‘राग’ द्वारा किया गया।


