एएमयू के प्रो. शंभुनाथ तिवारी की सिडनी रेडियो पर वार्ता,
साहित्य, संस्कृति और संवेदना की साझी विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली प्रस्तुति
मिशनसच न्यूज, अलीगढ़ | अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रतिष्ठित विद्वान प्रो. शंभुनाथ तिवारी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख हिंदी सामुदायिक रेडियो चैनल “दर्पण स्टूडियो” के विशेष कार्यक्रम में भारत-ऑस्ट्रेलिया के साहित्यिक-सांस्कृतिक संबंधों को नई दृष्टि से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन सिडनी के लोकप्रिय प्रस्तुतकर्ता आरोष संजीव शर्मा व प्रदीप उपाध्याय द्वारा किया गया। इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समानताओं पर व्यापक चर्चा हुई। प्रो. तिवारी ने विशेष रूप से भारतीय साहित्यिक परंपरा, हिंदी-उर्दू के साझा स्वरूप, और इनकी सामाजिक-सांस्कृतिक उपयोगिता को रेखांकित किया।
“संवाद से सरहदें छोटी लगती हैं”
श्रोताओं को संबोधित करते हुए प्रो. तिवारी ने कहा कि “हजारों किलोमीटर दूर बसे भारतीय प्रवासी समुदाय से जुड़ना एक आत्मीय अनुभव रहा। कार्यक्रम के दौरान बना भावनात्मक व सांस्कृतिक वातावरण ऐसा था, जैसे भारत के किसी हिंदी क्षेत्रीय स्टूडियो में बैठा हूं।”
कार्यक्रम को संगीत और कविता से सजाया गया था, जिसने हिंदी भाषी समुदाय के बीच गहरी छाप छोड़ी। तिवारी जी ने स्वयं की रचनाएं भी सुनाईं, जिससे संवाद में और भी अधिक भावनात्मक गहराई जुड़ गई।
उन्होंने कहा—“सिडनी में हिंदी का जो भावपूर्ण वातावरण मिला, वह इतना आत्मीय था कि लगा जैसे यह कार्यक्रम सिडनी में नहीं बल्कि भारत में ही हो रहा है।”
महत्वपूर्ण यात्रा का हिस्सा हैं प्रो. तिवारी
उल्लेखनीय है कि प्रो. शंभुनाथ तिवारी वर्तमान में एक माह की साहित्यिक-सांस्कृतिक यात्रा पर ऑस्ट्रेलिया में हैं। वे विभिन्न शहरों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे और हिंदी-उर्दू समुदाय के साथ संवाद स्थापित करेंगे।