नई दिल्ली. केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला आम बजट 2024 पेश कर दिया है। बजट को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सरकार ने कुर्सी बचाओ बजट पेश किया है। जिसमें भारतीय जनता पार्टी को खुश करने के लिए दूसरे राज्यों की कीमत पर खोखले वादे किए हैं। राहुल ने दावा किया है कि यह बजट कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र और पिछले कुछ बजट की नकल है।
सहयोगियों को खुश करने वाला बजट
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बजट को सहयोगियों को खुश करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि ये बजट अपने मित्रों को खुश करने के लिए लाया गया है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि इससे अडानी अंबानी को लाभ होगा और आम भारतीय को कोई राहत नहीं मिलेगी। कांग्रेस नेता ने इस बजट को कॉपी पेस्ट करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि बजट कांग्रेस के घोषणा पत्र और पिछले बजट से कॉपी किया गया है।
इंटर्नशिप योजना की घोषणा
वित्त मंत्री सीतारमण ने केंद्रीय बजट.2024.25 में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की घोषणा की है। इसमें युवाओं को इंटर्नशिप के साथ 5000 रुपये का मासिक भत्ता देने की बात कही है। मालूम हो कि लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में प्रशिक्षुता के अधिकार का वादा किया था। जिसमें डिप्लोमा एवं डिग्रीधारक बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण के साथ 1 साल तक हर महीने 8500 रुपये देने का वादा किया था। इस कार्यक्रम को कांग्रेस ने पहली नौकरी पक्की नाम भी दिया था।


