नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ लड़ाई हर नागरिक की जिम्मेदारी
मिशन सच न्यूज़, अलवर। नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने कहा कि “वोट चोर – गद्दी छोड़” की गूंज अब केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश में सुनाई दे रही है। यह आंदोलन लोकतंत्र की रक्षा और जनमत के सम्मान की लड़ाई है। जूली शनिवार को अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के कस्बा डेहरा में ब्लॉक स्तरीय पोस्टर विमोचन एवं हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत कर रहे थे।
राहुल गांधी के आह्वान पर बनी जन आंदोलन की मुहिम
टीकाराम जूली ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ राहुल गांधी द्वारा उठाया गया यह कदम अब केवल कांग्रेस पार्टी तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी बन गया है। उन्होंने कहा कि जैसे आज़ादी के समय लोग अंग्रेजों से लड़े थे, वैसे ही अब जनता को “चोरों” के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी।
बिहार से गूंजा नारा, अब बना राष्ट्रीय आवाज
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि “वोट चोर – गद्दी छोड़” का नारा सबसे पहले बिहार से गूंजा था और अब यह नारा राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी की पोल खोलने वाली बुलंद आवाज बन चुका है।
चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर आरोप
टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी करना लोकतंत्र की आत्मा के साथ सबसे बड़ा अन्याय है। जूली ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की तानाशाही और जनादेश की चोरी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का संकल्प
इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में अलवर ग्रामीण विधानसभा प्रभारी शारदा साद, ब्लॉक अध्यक्ष जफरु खान, शहजाद खान, अम्मू खान, रियासत खान, रामफल गुर्जर, ताराचंद, अजीत पटेल सहित अन्य पदाधिकारी भी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर और हस्ताक्षर अभियान में शामिल होकर भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।


