पार्श्वनाथ कल्याणक कार्यक्रम में अनेक लोगों ने भाग लिया
मिशनसच न्यूज, अलवर । श्री रावण पार्श्वनाथ भगवान के जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर पारस मार्ग बीरबल के मोहल्ले एवं श्री वासुपूज्य भगवान मंदिर स्थित दादावाड़ी में 14 व 15 दिसंबर को आयोजित दो दिवसीय मेला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ।
ट्रस्ट अध्यक्ष अनिल जैन ने बताया कि यह महोत्सव जैन समाज की आस्था और परंपराओं के अनुरूप बड़े ही हर्ष और उत्साह के साथ आयोजित किया गया, जिसमें शहर सहित बाहर से आए श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ट्रस्ट मंत्री निर्मल पालावत ने जानकारी दी कि 15 दिसंबर को दादा गुरुदेव की महा पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान पाली व इंदौर से संगीतकार महेंद्र एंड पार्टी, इंदौर की गायिका मालती चोपड़ा, नागदा (मध्यप्रदेश) से विपिन भाई, दिल्ली से अरुण बुरड़ तथा अलवर के रिदम व शुभम द्वारा भजनों एवं विधि-विधानों की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में कान्ति जैन एवं भागचंद जैन द्वारा थाली नृत्य के माध्यम से भावपूर्ण भक्ति की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहा। महेंद्र जैन ने बताया कि इस आयोजन में शहर के साथ-साथ बाहर से आए अनेक अतिथियों और श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कान्ति जैन ने बताया कि इस दो दिवसीय महोत्सव में गिनीज बुक रिकॉर्ड धारी, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रेरक एवं मार्गदर्शक, शासनरत्न मनोज कुमार बाबू मल हरण का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। उनके मंगल प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भक्ति के असीम आनंद की अनुभूति हुई।
हर्षवर्धन पालावत ने बताया कि इस अवसर पर आयोजन में सहयोग देने वाले सहयोगियों का अभिनंदन एवं बहुमान भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भगवान की भव्य अंग रचना अनिल जैन एवं मोहित जैन द्वारा की गई। इस अवसर पर दोनों मंदिरों में आकर्षक सजावट एवं रोशनी की गई, जिससे महोत्सव की भव्यता और अधिक बढ़ गई।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india


