प्रदर्शन में अनेक लोग हुए शामिल
मिशनसच न्यूज, अलवर। अखिल भारतीय शांति एवं एकजुटता संगठन तथा अखिल भारतीय किसान सभा, अलवर के आह्वान पर गुरूवार को शहर के बीचो-बीच नगली सर्किल पर अमेरिका की ट्रंप सरकार के खिलाफ जुझारू प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को कथित रूप से बेडरूम से घसीटकर अपहरण कर अमेरिका ले जाकर बंधक बनाए जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की।
प्रदर्शन के दौरान अमेरिका पर वेनेजुएला की खनिज संपदा एवं पेट्रोलियम संसाधनों पर जबरन कब्जा करने, रूसी जहाज का अपहरण करने तथा ईरान, क्यूबा, फिनलैंड, मेक्सिको और चिली सहित विभिन्न देशों की सरकारों को अपदस्थ करने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने “ट्रंप सरकार मुर्दाबाद”, “अमेरिकी सरकार होश में आओ”, “अमेरिकी साम्राज्यवाद बर्बाद हो” जैसे नारे लगाए। साथ ही वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो एवं उनकी पत्नी को तत्काल रिहा करने, वेनेजुएला से अमेरिकी सेना की वापसी तथा रूसी जहाज को वापस करने की मांग की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय शांति एवं एकजुटता संगठन के नेता डॉ. जीवन सिंह मानवी ने अमेरिकी सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध की ओर धकेल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीसरा विश्व युद्ध हुआ तो लाखों निर्दोष नागरिक मारे जाएंगे, विश्व अर्थव्यवस्था चरमरा जाएगी और अरबों-खरबों की संपत्ति नष्ट हो जाएगी, जिससे पूरी दुनिया भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएगी। प्रदर्शन में जगदीश शर्मा, उपाध्यक्ष भोलाराम शर्मा, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला सचिव कामरेड पालीराम, जोधा राजकुमार, बक्शी मथुरा प्रसाद शर्मा, पदम शर्मा, श्री वीरेंद्र क्रांतिकारी सहित प्रदीप माथुर और कुमारी शानू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


