लूणकरणसर में योजनाओं का लोकार्पण–शिलान्यास
मिशनसच न्यूज, जयपुर,खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि गत दो वर्षों में लूणकरणसर विधानसभा के समस्त क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्य पूरे किए गए हैं, जबकि अनेक कार्य प्रगतिरत हैं। आने वाले समय में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए और भी विकास कार्य स्वीकृत किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकसित लूणकरणसर, शिक्षित लूणकरणसर” के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
गोदारा शुक्रवार को लूणकरणसर विधानसभा के बीकानेर पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कल्याणसर में 33.11 जीएसएस पर 5 एमवीए के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया। इससे किसानों को दिन में विद्युत आपूर्ति संभव हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि लूणकरणसर एक कृषि प्रधान क्षेत्र है और यहां के किसानों को बिजली आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। दिन में विद्युत आपूर्ति होने से किसानों को सर्दी, गर्मी और प्रतिकूल परिस्थितियों में रात के समय कार्य नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि पहली बार क्षेत्र में 20 जीएसएस स्वीकृत किए गए हैं, जिससे विद्युत तंत्र को मजबूती मिली है।
नापासर को मिली विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान गोदारा ने नापासर में करोड़ों रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने मुख्य बाजार में 9.95 लाख रुपए की लागत से निर्मित शौचालय का लोकार्पण तथा 57 लाख रुपए की लागत से होने वाले सीवर लाइन कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि नापासर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाए रखने में आमजन की सहभागिता आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त 11 लाख रुपए की लागत से बने सांसी समाज के जलहौद तथा 9.90 लाख रुपए की लागत से बने कुम्हार समाज के सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ये कार्य आमजन के लिए लाभकारी सिद्ध होंगे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और जनसुनवाई के माध्यम से उनके समाधान का आश्वासन दिया।
सड़क, बस स्टैंड और पेयजल कार्यों का लोकार्पण
खाद्य मंत्री ने भार्गव समाज की श्मशान भूमि में 4.95 लाख रुपए की लागत से बने टीन शेड एवं बेंच, साथ ही 94.11 लाख रुपए की लागत से बनी पानी की टंकी का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से आमजन को आवागमन और पेयजल की सुविधा मिलेगी। लंबे समय से चली आ रही मांगों को डबल इंजन सरकार ने पूरा किया है।
उन्होंने चुंगी चौकी के पास 4.50 लाख रुपए की लागत से बने बस स्टैंड तथा पशु अस्पताल और स्टेडियम परिसर में क्रमशः 35.18 लाख और 35.50 लाख रुपए की लागत से बने दो ट्यूबवेल का भी लोकार्पण किया। इन ट्यूबवेल से स्थानीय पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति होगी।
खेल और स्वास्थ्य पर दिया जोर
राजीव गांधी स्टेडियम में 3.50 लाख रुपए की लागत से निर्मित सिंथेटिक बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण करते हुए गोदारा ने कहा कि स्वस्थ जीवन में खेलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह कोर्ट क्षेत्र के युवाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
इसके साथ ही उन्होंने सींथल से नापासर रेलवे स्टेशन तक लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 3 किलोमीटर लंबी डामर सड़क का शिलान्यास किया और कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और अधिकारी इस भावना को समझते हुए आमजन को राहत देने का कार्य करें।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsachnetwork.com


