More
    Homeराजस्थानअलवरलोहड़ी पर्व पर सृजक संस्थान की अनूठी पहल,जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिली स्कूल...

    लोहड़ी पर्व पर सृजक संस्थान की अनूठी पहल,जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिली स्कूल यूनिफॉर्म जर्सियाँ

    शिक्षा को प्रोत्साहन देने की दिशा में सृजक का सराहनीय प्रयास

    मिशनसच न्यूज, अलवर। प्रतिष्ठित सामाजिक-साहित्यिक संस्था सृजक द्वारा शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी पहल की गई। लोहड़ी के पावन पर्व के अवसर पर सृजक संस्थान ने रा० सी० सै० स्कूल, मीणापुरा (अलवर) में शिक्षा सत्र के दूसरे चरण के अंतर्गत कक्षा 1 से 11वीं तक के 168 जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म की जर्सियाँ वितरित कीं। इस सेवा कार्य से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ, वहीं शिक्षा के प्रति उनकी रुचि को भी नया बल मिला।

    पहले चरण में भी 175 विद्यार्थियों को मिला था लाभ

    सृजक संस्थान के सचिव रामचरण ‘राग’ ने जानकारी देते हुए बताया कि जर्सी वितरण कार्यक्रम का पहला चरण 13 दिसंबर 2025 को असलीमपुर स्कूल, तिजारा में आयोजित किया गया था, जिसमें 175 जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म जर्सियाँ प्रदान की गई थीं। इस प्रकार दो चरणों में कुल 343 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता प्रदान कर सृजक संस्थान ने समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश दिया है।

    उन्होंने कहा कि संस्था का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी प्रतिभावान बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। यूनिफॉर्म वितरण केवल वस्त्र प्रदान करने का कार्य नहीं, बल्कि बच्चों में समानता, अनुशासन और आत्मगौरव की भावना विकसित करने का माध्यम है।

    संरक्षक भागीरथ मीणा ने दिया शिक्षा का संदेश

    कार्यक्रम में सृजक संस्थान के संरक्षक भागीरथ मीणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाती है और समाज को प्रगति के मार्ग पर ले जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा दी।

    कविता और शायरी से सजा प्रेरणादायी माहौल

    वरिष्ठ कवि रघुवर दयाल जैन ने युवाओं को समर्पित अपनी प्रेरणात्मक कविता सुनाई, जिसे उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
    वरिष्ठ शिक्षाविद मंजू शर्मा एवं सृजक संस्थान की उपाध्यक्ष श्रीमती रेणु मिश्रा ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा का दामन नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि यही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे मजबूत आधार है।

    सृजक संस्थान के अध्यक्ष सरदार अमरीक सिंह ‘अदब’ ने लोहड़ी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उत्साहवर्धक शायरी प्रस्तुत की, जिससे पूरे कार्यक्रम में उल्लास और ऊर्जा का वातावरण बन गया।

    विद्यालय प्रशासन ने जताया आभार

    कार्यक्रम के आरंभ में विद्यालय के शिक्षक दिनेश कुमार एवं पूर्व शिक्षक राज नारायण सैन ने अतिथियों का स्वागत किया।
    सचिव रामचरण ‘राग’ द्वारा प्रस्तुत बालगीत ने बच्चों का मनोरंजन किया और कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

    विद्यालय प्रभारी नरेन्द्र शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सृजक संस्थान के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को न केवल आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने संस्था के सभी पदाधिकारियों और सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।

    समाजसेवियों और शिक्षाविदों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति

    इस अवसर पर सृजक संस्थान के संरक्षक भरत सिंह अहरोदिया, राधेश्याम शर्मा, शिक्षाविद हरिनारायण, सह सचिव कुलदीप सिंह, समाजसेवी सत्य नारायण, विद्यालय के शिक्षक धर्मेन्द्र सैन, रतिराम जाटव, अनिता यादव सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संयोजन एवं संचालन सृजक संस्थान के उपाध्यक्ष खेमेन्द्र सिंह चंद्रावत ने किया।

    शिक्षा के क्षेत्र में सृजक का निरंतर योगदान

    सृजक संस्थान लंबे समय से शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। जरूरतमंद विद्यार्थियों को सहायता प्रदान कर संस्था ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि समाज संगठित होकर आगे आए, तो कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रह सकता।

    इस पहल से न केवल विद्यार्थियों को लाभ मिला है, बल्कि अभिभावकों में भी शिक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ी है। संस्था ने भविष्य में भी इसी प्रकार के शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here