मोटिवेशनल सेशन व सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम नियमित कराने पर दिया जोर,छात्राओं को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश, स्व. हेमसिंह भडाणा को दी श्रद्धांजलि
मिशनसच न्यूज, अलवर। राजस्थान देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा ने मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधीन जी.डी. कॉलेज परिसर में संचालित राजकीय देवनारायण कन्या महाविद्यालय स्तरीय छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की तथा छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
अध्यक्ष भडाणा ने छात्रावास अधीक्षक को निर्देश दिए कि छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधाएं, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए केवल आवास ही नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी उन्हें सशक्त बनाना जरूरी है।
उन्होंने निर्देशित किया कि समय-समय पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, एनजीओ प्रतिनिधियों एवं प्रेरक वक्ताओं द्वारा मोटिवेशनल सेशन आयोजित किए जाएं, ताकि छात्राओं को आत्मविश्वास, करियर मार्गदर्शन और सामाजिक जागरूकता मिल सके। साथ ही विषय विशेषज्ञों द्वारा कानूनों एवं सामाजिक अधिकारों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
इसके उपरांत भडाणा ने पटेल गुर्जर छात्रावास का भी निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रावास परिसर में छात्रों एवं अधिकारियों के साथ 2 मिनट का मौन रखकर पूर्व केबिनेट मंत्री स्वर्गीय हेमसिंह भडाणा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
निरीक्षण के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक लक्ष्मण सिंह, ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मीणा एवं छात्रावास अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


