More
    Homeराजस्थानअलवरबीमा जागरूकता से सशक्त हुआ अलवर, 9 ग्राम बने शत-प्रतिशत बीमित

    बीमा जागरूकता से सशक्त हुआ अलवर, 9 ग्राम बने शत-प्रतिशत बीमित

    सुरक्षित भारत–बीमित भारत अभियान के तहत प्रशासन व बीमा कंपनियों की संयुक्त पहल से ऐतिहासिक उपलब्धि

    मिशनसच न्यूज, अलवर। भारत सरकार एवं भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण की वर्ष 2047 की दूरदर्शी परिकल्पना को साकार करने की दिशा में चलाए जा रहे ‘सबको बीमा अभियान 2047’ के अंतर्गत अलवर जिले ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जिले के चयनित 9 ग्रामों को शत-प्रतिशत बीमित घोषित किया गया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में प्रताप ऑडिटोरियम में भव्य घोषणा समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जिला प्रशासन, बीमा क्षेत्र के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

    अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) श्रीमती बीना महावर ने कहा कि ‘सबको बीमा अभियान’ आमजन को बीमा सुरक्षा से जोड़ने की एक अनोखी और जनहितकारी पहल है। उन्होंने बताया कि जिले के 9 ग्रामों का पूर्ण बीमित होना पूरे अलवर के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि वित्तीय सुरक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जन-जागरूकता को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि बीमा केवल आर्थिक साधन नहीं, बल्कि परिवार और भविष्य की सुरक्षा का सशक्त आधार है।

    राज्य बीमा एवं जीपीएफ विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. संजीव कुमार दास ने अभियान के लक्ष्यों को प्राप्त करने का विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बीमा सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का माध्यम है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वयं बीमित होने और परिवार को बीमा सुरक्षा से जोड़ने की अपील की।

    यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक मैथ्यू जॉर्ज ने कहा कि अलवर में योजनाबद्ध, पारदर्शी और समन्वित तरीके से बीमा कवरेज सुनिश्चित करना पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल है। इससे अन्य जिलों को भी प्रेरणा मिलेगी।

    अभियान के अंतर्गत अलवर तहसील का भुल्ला का बास, मालाखेड़ा का बिचपुरी, गोविंदगढ़ का पालानखेड़ा, लक्ष्मणगढ़ का अंतापाड़ा, कठूमर का हनुमंता, राजगढ़ का कल्याणपुरा, रैणी का मोरोडखुर्द, थानागाजी का कोडालका एवं रामगढ़ का लालपुर गांव औपचारिक रूप से शत-प्रतिशत बीमित घोषित किए गए। इन सभी ग्रामों में यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा सभी वयस्क नागरिकों को बीमा पॉलिसी जारी कर पूर्ण कवरेज सुनिश्चित किया गया है।

    समारोह में बीमा जागरूकता पर आधारित डॉक्यूमेंट्री एवं सूचना फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें बीमा की आवश्यकता, लाभ एवं सामाजिक सुरक्षा में इसकी भूमिका को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। थानागाजी के ग्राम कुंडलका के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। अभिनय जैन बी.एड. कॉलेज के विद्यार्थियों ने बीमा के सामाजिक महत्व पर नाट्य प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद दिनेश शर्मा ने किया।

    सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा राज्य सरकार की योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया। उपस्थित जनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचेगी।

    इस अवसर पर यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की महाप्रबंधक श्रीमती लिपिका कालरा, उप महाप्रबंधक आलोक जैन, ललित कुमार, अशोक आहूजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here