More
    Homeराजस्थानजयपुरकफ सिरप से बच्चों की मौत पर टीकाराम जूली का सरकार पर...

    कफ सिरप से बच्चों की मौत पर टीकाराम जूली का सरकार पर हमला, उग्र आंदोलन की चेतावनी

    ब्लैकलिस्टेड कंपनी को ठेका देने पर उठाए सवाल, भारत-अमेरिका ट्रेड डील को बताया ‘गुलामी का नया दस्तावेज’, आंदोलन की चेतावनी

    मिशनसच न्यूज, जयपुर। राजस्थान विधानसभा में कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत के मामले को लेकर मंगलवार को जोरदार हंगामा देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की लापरवाही और कमीशनखोरी का खामियाजा प्रदेश के मासूम बच्चों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।

    प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा द्वारा उठाए गए सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री के जवाब को अधूरा बताते हुए जूली ने सरकार को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि मिलीभगत का मामला प्रतीत होता है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

    जूली ने सदन में खुलासा करते हुए कहा कि जिस कंपनी के कफ सिरप से बच्चों की मौतें हुई हैं, वह देश के कई राज्यों में पहले से ब्लैकलिस्टेड है। इसके बावजूद राजस्थान में उसे सप्लाई का ठेका देना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना के जरिए वही दूषित बैच बच्चों तक पहुंचाया गया, जो मध्य प्रदेश में भी मौतों का कारण बना था। उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर ऐसी कंपनी को टेंडर किस आधार पर दिया गया और जिम्मेदार अधिकारियों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

    सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को “गुलामी का नया दस्तावेज” बताते हुए कहा कि यह समझौता देश की आर्थिक स्वायत्तता के खिलाफ है।

    जूली ने कहा कि अमेरिका के टैरिफ दबाव के कारण भारत को यह समझौता करना पड़ा, जिससे देश की अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि भारत को रूस से सस्ता तेल खरीदने से रोककर वेनेजुएला से तेल लेने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत-पाक मुद्दे पर हो रहे बयानों के बावजूद प्रधानमंत्री की चुप्पी चिंता का विषय है और यह देश की कूटनीतिक कमजोरी को दर्शाती है।

    नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने दोषी कंपनियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई नहीं की और ट्रेड डील की शर्तों को सार्वजनिक नहीं किया, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस जनता के साथ मिलकर न्याय की लड़ाई लड़ेगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here