नवगीत की प्रासंगिकता और यात्रा पर हुआ विमर्श, अलवर के साहित्यकारों को मिला सम्मान
मिशनसच न्यूज, अलवर। जयपुर की साहित्यिक संस्था जयपुर काव्य साधक एवं समरस साहित्य सृजन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में ‘नवगीत कुटुंब’ की ओर से कीर्तिशेष नवगीत कवि राजेन्द्र प्रसाद सिंह द्वारा संपादित प्रथम नवगीत संकलन ‘गीतांगिनी’ के प्रकाशन दिवस 05 फरवरी को देशभर में नवगीत दिवस के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर जयपुर में 05 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के पास शांति नगर स्थित हनुमान वाटिका में नवगीत दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता ख्यातिलब्ध नवगीत कवि मुकुट सक्सेना ने की, जबकि प्रतिष्ठित नवगीत कवि जगदीश मोहन रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
नवगीत दिवस समारोह में अलवर के वरिष्ठ कवि एवं साहित्यिक संस्था ‘सृजक’ के सचिव रामचरण ‘राग’ ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होकर “समकालीन संदर्भ में नवगीत की प्रासंगिकता” विषय पर विचार पत्र का वाचन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जगदीश मोहन रावत, अध्यक्ष मुकुट सक्सेना, जितेन्द्र माथुर एवं लक्ष्मण ‘रामानुज’ सहित अन्य साहित्यकारों ने नवगीत की यात्रा, स्वरूप, संवेदना एवं विकास पर विस्तृत विमर्श किया। विषय प्रवर्तन समालोचक एवं नवगीत कवि तथा कार्यक्रम संयोजक अशोक शर्मा ‘कठेटिया’ ने किया।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में गीत गोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें अलवर के वरिष्ठ साहित्यकार एवं सृजक संस्थान के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोकुल राम शर्मा ‘दिवाकर’ ने अपना प्रसिद्ध गीत “ए प्यासे पंछी पर पसार” प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। गीत गोष्ठी का शुभारंभ डॉ. अंजू सक्सेना ने सरस्वती वंदना के सस्वर पाठ से किया।
गीत गोष्ठी में अशोक शर्मा ‘कठेटिया’, रामचरण ‘राग’, किशोर पारिक ‘किशोर’, जे.पी. माथुर, राजकुमार चौहान, सुशीला शर्मा, गोप कुमार मिश्र सहित अनेक कवियों ने अपने नवीन गीत-नवगीत प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जयपुर में आयोजित नवगीत दिवस समारोह में अलवर के गीतकार रामचरण ‘राग’ एवं गोकुल राम शर्मा ‘दिवाकर’ को शॉल, माला, पटका एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन कानपुर के वरिष्ठ नवगीतकार अशोक शर्मा ‘कठेटिया’ ने किया, जबकि गीत गोष्ठी का संचालन कवयित्री डॉ. सुशीला शील ने किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


