फिट इंडिया मिशन व पर्यटन बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित मैराथन में विदेशी एलीट एथलीट भी शामिल
मिशनसच न्यूज, अलवर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ मिशन, टाइगर एवं पर्यावरण संरक्षण और अलवर जिले के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से 8 फरवरी 2026 को अलवर सांसद खेल उत्सव के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय स्तर की ‘अलवर टाइगर मैराथन’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस मेगा खेल आयोजन में भारत सहित दुनिया के कई देशों से नामचीन एथलीट और हजारों धावक भाग लेंगे। आयोजन को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने दुनिया के विभिन्न देशों से आ रहे धावकों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय मैराथन का आयोजन अलवर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि अलवर की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यटन स्थल और ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पहचान भी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए ‘फिट है तो हिट है’ के संदेश को साकार करने की दिशा में यह आयोजन एक बड़ा कदम साबित होगा।
मैराथन के संयोजक अरुण जैन ने बताया कि यह देश की पहली ऐसी मैराथन है जो टाइगर संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को समर्पित है। उन्होंने कहा कि लगभग 18 हजार से अधिक धावकों ने पंजीकरण कराया है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने विश्वास जताया कि अलवर एक सफल और यादगार आयोजन का गवाह बनेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि तथा उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
वी-शक्ति की संस्थापक श्रीमती प्रज्ञा यादव ने बताया कि इस बार धावकों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी हो गई है। खास बात यह है कि करीब 500 दिव्यांगजन पैरा मैराथन में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और खेलों में समावेशिता को बढ़ावा मिलेगा।
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार होंगी दौड़
आयोजकों के अनुसार 21.097 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर ओपन रन, कॉरपोरेट रन, 5 किलोमीटर शक्ति रन और 2 किलोमीटर पैरा रन जैसी विभिन्न श्रेणियों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सभी दौड़ प्रताप ऑडिटोरियम से सुबह 6 बजे से शुरू होंगी। प्रतिभागियों को अलग-अलग कॉल टाइम के अनुसार रिपोर्ट करना होगा।
विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
मैराथन में विजेताओं को कुल 90 लाख 37 हजार 500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। ओवरऑल पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को 18-18 लाख रुपये तक की बड़ी पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा हाफ मैराथन, 10 किमी रन, कॉरपोरेट रन, शक्ति रन और पैरा रन के विजेताओं के लिए भी अलग-अलग आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। आयोजकों का मानना है कि इससे खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रतियोगिता का स्तर और ऊंचा होगा।
अंतरराष्ट्रीय एलीट धावकों की भागीदारी
इस आयोजन में बहरीन, केन्या और इथियोपिया सहित कई देशों के अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीट हिस्सा लेंगे। महिला वर्ग में मार्टा हिरपाटो योता, ग्लैडिस चेरोनो, डेज़ी जेमुटाई रुट्टो और विवियन चेरुइयोट जैसी धाविकाएं शामिल होंगी, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर कई खिताब जीते हैं। वहीं पुरुष वर्ग में साइमन मायवा, अशाग्रे तेसेमा मोकेनिन, जेनबेरी गेरबिल और जियोफ्री किपकेम्बोई जैसे तेज धावक अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से मैराथन का स्तर अंतरराष्ट्रीय होगा और स्थानीय खिलाड़ियों को सीखने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों का कहना है कि यह मैराथन केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास का संगम है। इससे युवाओं में खेल भावना जागृत होगी और अलवर को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


