समापन अवसर पर हवन-यज्ञ, भजन-कीर्तन और राधा संग होली उत्सव में श्रद्धालु शामिल
मिशनसच न्यूज, खैरथल। शहर के वार्ड नंबर 11 स्थित प्रेमनाथ शिव मंदिर बाग पंजाबी कुआं परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का समापन शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। समापन अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों, हवन-यज्ञ, भजन-कीर्तन तथा विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में कथावाचक आचार्य दिव्यम शर्मा (बाल व्यास वृंदावन) एवं मंदिर पुजारी वीरेंद्र शर्मा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया। यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। कथा के अंतिम दिन भगवान श्रीकृष्ण की महिमा और धर्म, भक्ति एवं सदाचार का संदेश दिया गया।
कथावाचक आचार्य दिव्यम शर्मा ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाली अमृत वाणी है। कथा सुनने से मन में सकारात्मकता आती है और व्यक्ति धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित होता है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से कथा, सत्संग और भजन-कीर्तन से समाज में नैतिक मूल्यों की मजबूती होती है।
मंदिर पुजारी वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि पूरे सप्ताह चले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन और सत्संग का वातावरण भक्तिमय रहा। समापन दिवस पर विशेष आरती के बाद सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।
दोपहर बाद मंदिर प्रांगण में होली उत्सव का भी आयोजन किया गया, जहां रंग-बिरंगे गुलाल और फूलों से राधा रानी संग प्रतीकात्मक होली खेली गई। भजनों और कृष्ण भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। फूलों की होली ने पूरे वातावरण को आनंदमय और आध्यात्मिक बना दिया।
इस अवसर पर संदीप मिश्रा पटवारी, प्रेमचंद खानपुर वाले, राजन मलिक, अखज गुप्ता, शीला अग्रवाल, कमलेश मलिक, नीतू गुप्ता, मंजू गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन की सफलता में सहयोग दिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


