अलवर जिले में ‘गिव अप अभियान’ के तहत 1.58 लाख से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से नाम हटाया, नहीं हटाने पर होगी गेहूं की दर से वसूली
मिशनसच न्यूज, अलवर। खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ केवल पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे, इसके लिए जिले में ‘गिव अप अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत आर्थिक रूप से सक्षम एवं अपात्र लाभार्थी 28 फरवरी 2026 तक स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा सूची से अपना नाम हटवा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद अपात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों से योजना की शुरुआत से प्राप्त गेहूं की बाजार दर के अनुसार वसूली की जाएगी।
जिला रसद अधिकारी विनोद जुनेजा ने बताया कि अपात्र लाभार्थियों से अब तक उठाए गए गेहूं की कीमत 30 रुपये 57 पैसे प्रति किलोग्राम के हिसाब से वसूली की जाएगी। साथ ही उनके विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य वास्तविक जरूरतमंदों को सस्ती दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना है, इसलिए सक्षम लोग स्वेच्छा से नाम हटाएं।
नाम हटाने की प्रक्रिया को विभाग द्वारा सरल बनाया गया है। लाभार्थी अपने नजदीकी उचित मूल्य दुकानदार या जिला रसद अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध निर्धारित प्रपत्र भरकर आवेदन कर सकते हैं। जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों पर आवेदन पत्र उपलब्ध हैं।
सुविधा को और आसान बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था भी की गई है। लाभार्थी खाद्य विभाग राजस्थान के पोर्टल पर जाकर ‘गिव अप अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) से स्वतः हटने के लिए आवेदन करें’ लिंक के माध्यम से स्वयं आवेदन कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त प्रशासन आयकर विभाग से आयकरदाताओं तथा परिवहन विभाग से चौपहिया वाहन धारकों की सूची प्राप्त कर अपात्र लाभार्थियों की पहचान कर रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर वसूली और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अब तक 1 लाख 58 हजार 209 व्यक्तियों ने स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा योजना से अपना नाम हटवा लिया है। प्रशासन ने अन्य अपात्र लाभार्थियों से भी समय रहते नाम हटाने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


