लंबे समय से जिम्मेदारी न मिलने का लगाया आरोप, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा इस्तीफा पत्र
मिशनसच न्यूज, रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव निवेदिता चटर्जी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र के माध्यम से सौंपते हुए संगठन में लंबे समय से उपेक्षा और जिम्मेदारी नहीं मिलने की बात कही है।
इस्तीफे में निवेदिता चटर्जी ने लिखा कि वह पिछले 11 वर्षों से पार्टी के लिए लगातार कार्य कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कोई ठोस जिम्मेदारी या अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से वे लगातार PCC सचिव के पद पर बनी रहीं, जबकि उनके साथ काम करने वाले कई नेता संगठन में आगे बढ़ते हुए ब्लॉक अध्यक्ष, विधायक, सांसद और प्रदेश अध्यक्ष जैसे पदों तक पहुंचे।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि उनके सामने ही दीपक बैज ब्लॉक अध्यक्ष, विधायक, सांसद और बाद में प्रदेश अध्यक्ष बने, लेकिन उन्हें पदोन्नति या नई जिम्मेदारी नहीं मिली। इससे संगठन में उनकी अनदेखी की भावना और मजबूत हुई।निवेदिता ने यह भी कहा कि पार्टी के कठिन समय में उन्होंने हमेशा संगठन का साथ दिया, हर संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाई, लेकिन जब उन्हें समर्थन और सम्मान की जरूरत थी, तब संगठन ने उनका साथ नहीं दिया। लगातार उपेक्षा और अवसरों की कमी को उन्होंने अपने इस्तीफे का मुख्य कारण बताया है।
राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को कांग्रेस संगठन के भीतर बढ़ती असंतुष्टि के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। उनके इस्तीफे के बाद पार्टी में अंदरूनी चर्चा तेज हो गई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india



