अलवर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया फ्लैग ऑफ, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और अभिनेता रणदीप हुड्डा की मौजूदगी से बढ़ा उत्साह
मिशनसच न्यूज, अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में रविवार को प्रताप ऑडिटोरियम से अलवर टाइगर इंटरनेशनल हाफ मैराथन का भव्य आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री शर्मा के साथ केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी तथा वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने विभिन्न श्रेणियों की मैराथन को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। इस दौरान मैराथन के ब्रांड एंबेसडर अभिनेता रणदीप हुड्डा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने 21 किलोमीटर हाफ मैराथन एलीट पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं की फिनिश लाइन पर पहुंचकर हौसला-अफजाई की। साथ ही पद्मश्री विजेता भपंग वादक गफरूद्दीन मेवाती जोगी का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। मैराथन में 21 किमी एलीट, फोर्स रन, ओपन हाफ मैराथन, 10 किमी ओपन रन, 5 किमी ओपन एवं 2 किमी पैरा दौड़ सहित कई श्रेणियां आयोजित की गईं।
अल सुबह गुलाबी सर्दी के बीच हजारों प्रतिभागियों ने जोश और जुनून के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। शहरवासियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। शर्मा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया, युवाओं के साथ सेल्फी ली और हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर धावकों का अभिनंदन किया।
यह आयोजन अलवर सांसद खेल उत्सव के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया मिशन’, टाइगर संरक्षण और पर्यटन प्रोत्साहन की थीम पर किया गया। देश-विदेश के धावकों के साथ सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने भी भागीदारी निभाई।
मैराथन के प्रमुख विजेता
अंतरराष्ट्रीय एलीट पुरुष वर्ग में सायमन ने 1:00:36 समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर 6.75 लाख रुपये जीते। क्लिंटन द्वितीय और बार्नाबास तृतीय रहे। भारतीय एलीट पुरुष वर्ग में हरमनजोत सिंह प्रथम, मोहित द्वितीय और विनोद सिंह तृतीय रहे।
महिला इंटरनेशनल वर्ग में डायना प्रथम, विवियन द्वितीय और ग्लैडिस तृतीय रहीं। भारतीय महिला वर्ग में उजाला ने प्रथम, प्रीति ने द्वितीय और आरती ए ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 10 किमी कॉर्पोरेट रन में गिरीश प्रथम, अनूप द्वितीय और दीपक तृतीय रहे।
इंफ्लुएंसर्स टीम ने बढ़ाया आकर्षण
वन्यजीव संरक्षण, फिटनेस और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में राजस्थान पर्यटन के साथ चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने भाग लिया। दिशु खन्ना, अंजलि अग्रवाल, अखिल कुमार, अभिमन्यु सिंह, वैभव मलिक एवं संयुक्त निदेशक दिलीप सिंह राठौर ने आयोजन को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर व्यापक पहचान दिलाई।
मैराथन ने न केवल युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाई बल्कि सरिस्का टाइगर रिजर्व एवं अलवर पर्यटन को भी नई पहचान दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


