मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आवास की चाबी व पशु बीमा पॉलिसी देकर ग्रामीणों से किया संवाद
मिशनसच न्यूज, अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिले के गिरदावर सर्किल बहाला में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन कर लाभार्थियों से मुलाकात की तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के दस्तावेज मौके पर ही वितरित किए। शिविर का उद्देश्य पात्र ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके गांव में उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत केसरोली निवासी छोटी बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित पक्के मकान की चाबी सौंपी। चाबी प्राप्त करते ही छोटी बाई भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि पहले कच्चे घर में सर्दी, गर्मी और बारिश के समय काफी परेशानी उठानी पड़ती थी, लेकिन अब पक्का घर मिलने से परिवार को सुरक्षित आश्रय मिला है।
इसी प्रकार ग्राम बहाला निवासी सुषमा देवी को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि पशुपालन ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है और बीमा होने से अब बीमारी या पशुहानि की चिंता कम हो गई है।
मुख्यमंत्री ने अन्य लाभार्थियों से भी बातचीत की और योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित कर रही है। ऐसे शिविरों के माध्यम से पारदर्शिता और त्वरित लाभ वितरण संभव हो रहा है।
शिविर में योजनाओं का लाभ मिलने पर ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


