श्रीराम मंदिर शालीमार में 9 से 15 फरवरी तक प्रतिदिन शिव कथा, भजन संध्या और विशेष धार्मिक अनुष्ठान
मिशनसच न्यूज, अलवर। रविवार को ब्रह्मलीन परम पूज्य भक्ति सम्राट संत गुरुजी शिवानन्द साधक जी महाराज की असीम अनुकम्पा एवं परम पूज्य डॉ. शिवम् साधक जी महाराज के सानिध्य में शिव कृपा आनंद महोत्सव का शुभारंभ 511 कलशों की भव्य यात्रा के साथ हुआ। यह कलश यात्रा भक्तिधाम मंदिर, गेट नंबर 3, अपना घर शालीमार से प्रातः 10 बजे निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़े। महोत्सव में भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना कर दिव्य चंदन प्रसाद श्रद्धालुओं के मस्तक पर लगाया गया। आयोजकों के अनुसार यह प्रसाद श्रद्धालुओं के कष्टों के निवारण के लिए विशेष महत्व रखता है।
साधक सेवा समिति अलवर के अध्यक्ष डॉ. एस.सी. मित्तल ने बताया कि 9 से 15 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक श्रीराम मंदिर, अपना घर शालीमार में सुंदर शिव कथा का आयोजन किया जाएगा। रात्रि में विभिन्न धार्मिक उत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। मंगल कथा के यजमान सेठ मदनलाल गुप्ता रहेंगे।
कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत 9 फरवरी को गणेश जी का 1008 सहस्त्रनाम, 10 फरवरी को खाटूश्याम ज्योति पूजन एवं भजन संध्या, 11 फरवरी को ब्रज सांस्कृतिक कार्यक्रम चरकुला नृत्य, 12 फरवरी को सुंदरकांड पाठ, 13 फरवरी को हल्दी-मेहंदी व भजन संध्या, 14 फरवरी को हिंडोला उत्सव तथा 15 फरवरी को 108 अभिषेक एवं ज्योतिर्लिंग पूजन का आयोजन होगा।
आयोजन के दौरान सुभाष चंद्र मित्तल, कैलाश अवस्थी, अल्का मित्तल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। समिति ने अधिक से अधिक भक्तों से कथा व धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का आह्वान किया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


