More
    Homeराज्ययूपीयूपी में कार की टक्कर से ढाई वर्षीय मासूम की मौत के...

    यूपी में कार की टक्कर से ढाई वर्षीय मासूम की मौत के बाद हंगामा

    पथराव और तोड़फोड़ से थाना परिसर में हंगामा, पुलिस की गाड़ियां क्षतिग्रस्त

    हाथरस | जिले के मुरसान कस्बे में शनिवार दोपहर घर के बाहर खेल रहे ढाई वर्षीय मासूम यश की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर शव थाने के सामने रखकर मुरसान-राया मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

    बताया गया कि मोहल्ला मढैया खाई निवासी रूप सिंह का बेटा यश घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। परिजन गंभीर अवस्था में बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन सीधे शव लेकर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग करने लगे।

    धीरे-धीरे बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान भीड़ और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया। पुलिस द्वारा बल प्रयोग की आशंका पर ग्रामीण भड़क उठे और थाने पर पथराव कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को थाने में शरण लेनी पड़ी।

    करीब दस मिनट तक थाना परिसर के सामने अराजक माहौल बना रहा। भीड़ ने थाने का बोर्ड तोड़ दिया तथा परिसर में खड़ी पुलिस की चार गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। थाना प्रभारी बीपी गिरी सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। नगर पंचायत अध्यक्ष देशराज सिंह भी पथराव में चोटिल हुए।

    सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लाठियां फटकारकर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने कार सवार तीन लोगों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कार को कब्जे में ले लिया गया है।

    पुलिस के अनुसार कार से शराब की बोतल और खाने-पीने का सामान बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।

    एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिजनों को समझाने का प्रयास जारी है तथा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here