श्रीराम मंदिर में गूंजा शिव महिमा का वर्णन, आनंद महोत्सव में कल होगा खाटूश्याम ज्योति पूजन,शिव कथा से भक्तों को मिला आत्मिक आनंद
अलवर। ब्रह्मलीन परम पूज्य भक्ति सम्राट संत गुरुजी शिवानन्द साधक जी महाराज (डेरा वाले बाबा – श्रीधाम वृन्दावन) की असीम अनुकम्पा एवं परम पूज्य डॉ. शिवम् साधक जी महाराज के पावन सानिध्य में अपना घर शालीमार स्थित श्रीराम मंदिर में आयोजित शिव कृपा आनंद महोत्सव के प्रथम दिन शिव कथा सुनने के लिए श्रद्धालुओं का भारी रेला उमड़ पड़ा।
शिव कथा के प्रथम दिन कथा व्यास डॉ. शिवम् साधक जी महाराज ने कहा कि “शिव कथा ही हमारे जन्म-जन्मान्तरों के पापों का नाश कर सकती है। भगवान शिव की कृपा के बिना जीवन में सच्चा आनंद संभव नहीं है।” उन्होंने बताया कि धर्म हमें वर्तमान में जीना सिखाता है, जबकि धर्म से विमुख व्यक्ति या तो भूतकाल की गलतियों में उलझा रहता है या भविष्य की चिंता करता है, जिससे वह वर्तमान जीवन के सुख से वंचित रह जाता है।
डॉ. शिवम् साधक जी महाराज ने कहा कि जीवन में आनंद प्राप्त करना है तो सदैव भगवान शिव की शरण में रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि बेलपत्र अर्पित करने से भगवान शिव अति शीघ्र प्रसन्न होते हैं तथा ईश्वर की पूजा किसी इच्छा पूर्ति के लिए नहीं, बल्कि उन्हें प्रसन्न करने की भावना से करनी चाहिए।
कथा के दौरान उन्होंने चंचुला जैसी महा पापिनी का उदाहरण देते हुए बताया कि शिव कथा के श्रवण से उसका भी कल्याण हुआ और माता पार्वती ने उसे अपनी निज सखियों के स्वरूप में स्वीकार किया। इससे स्पष्ट होता है कि शिव कथा में अपार शक्ति है, जो मानव जीवन का उद्धार कर सकती है।
आज 9 फरवरी को शिव कथा के अंतर्गत गणेश जी के 1008 सहस्त्रनाम का वाचन भी किया गया। शिव कथा में यजमान सेठ मदनलाल गुप्ता, डॉ. एस.सी. मित्तल, अशोक सैनी, सुभाष मित्तल, अनिल खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिव भक्ति का आनंद लिया। कथा के पश्चात भक्तगणों ने भक्तिमय गीतों पर नृत्य कर अपनी श्रद्धा और खुशी का इजहार किया।
साधक सेवा समिति अलवर के अध्यक्ष डॉ. एस.सी. मित्तल ने बताया कि यह भव्य शिव कृपा आनंद महोत्सव 9 से 15 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे के मध्य श्रीराम मंदिर, अपना घर शालीमार सोसाइटी, अलवर में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कल 10 फरवरी को शिव कथा के दौरान खाटूश्याम ज्योति पूजन का आयोजन किया जाएगा, जिसका भक्तगण विशेष आनंद लेंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


