More
    Homeबिजनेसरोजगार और कारोबार दोनों में तेजी, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों में 18.81%...

    रोजगार और कारोबार दोनों में तेजी, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों में 18.81% की वृद्धि

    नई दिल्ली। देश की असंगठित गैर-कृषि अर्थव्यवस्था ने जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान अपनी अब तक की सर्वाधिक तेज वार्षिक बढ़ोतरी दर्ज की है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय यानी एनएसओ के आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि में उद्यमों की संख्या 18.81 प्रतिशत बढ़कर 9.47 करोड़ और कुल रोजगार 16.86 प्रतिशत बढ़कर 15.03 करोड़ के स्तर पर पहुंच गया है। हालांकि इस ऐतिहासिक विस्तार के मूल में वेतनभोगी नौकरियों की अपेक्षा स्वरोजगार यानी खुद के कारोबार की बड़ी भूमिका रही है। आंकड़े दर्शाते हैं कि एक ओर जहां कामकाजी मालिकों की संख्या करीब 21 प्रतिशत बढ़ी है, वहीं वेतनभोगी यानी हायर्ड कर्मचारियों की संख्या महज 5 प्रतिशत बढ़कर 3.49 करोड़ रही है। समग्र कार्यबल में कामकाजी मालिकों की भागीदारी एक वर्ष पहले के 59.98 प्रतिशत से बढ़कर 61.99 प्रतिशत हो गई, जबकि वेतनभोगी कामगारों की हिस्सेदारी घटकर 23.22 प्रतिशत पर आ गई। प्रति उद्यम औसत कामगारों की संख्या भी 1.61 से कम होकर 1.59 रह गई, जिससे यह संकेत मिलता है कि नए उद्यम बड़ी संख्या में शुरू हुए, लेकिन उनका आकार छोटा ही बना रहा।

    कार्यबल में महिलाओं की बढ़ती हिस्सेदारी और डिजिटलीकरण की रफ्तार

    उल्लेखनीय पहलू यह है कि कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी 28.70 प्रतिशत से बढ़कर 31 प्रतिशत से अधिक के स्तर पर पहुंच गई है। इसके साथ ही डिजिटलीकरण की गति में भी तेज इजाफा हुआ है। कम से कम किसी एक सरकारी या अन्य प्राधिकरण के पास पंजीकृत उद्यमों की हिस्सेदारी 37.20 प्रतिशत से बढ़कर 43.28 प्रतिशत हो गई है। करीब 80 प्रतिशत उद्यम डिजिटल व कैशलेस लेनदेन अपना रहे हैं और लगभग 84 प्रतिशत कारोबारी गतिविधियों के संचालन में इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं।

    शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर, सेवा क्षेत्र में सबसे बड़ी छलांग

    क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार शहरी इलाकों में उद्यमों की संख्या 22.05 प्रतिशत और ग्रामीण इलाकों में 16.05 प्रतिशत बढ़ी है, जबकि रोजगार बढ़ने की दर ग्रामीण क्षेत्रों में 17.52 प्रतिशत रही जो शहरी क्षेत्रों के 16.30 प्रतिशत से कुछ बेहतर है। अन्य सेवाओं से जुड़े सेवा क्षेत्र में सबसे तेज उछाल दर्ज किया गया, जहां उद्यमों में 29 प्रतिशत और रोजगार में 33 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here