More
    Homeराजस्थानजयपुरकृष्णगंज के नाम से जानी जाएगी पुलिस चौकी व थाना, सरकार ने...

    कृष्णगंज के नाम से जानी जाएगी पुलिस चौकी व थाना, सरकार ने जारी किए आदेश

    नाम परिवर्तन की पहल विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की सिफारिश पर, सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में कदम

    जयपुर। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए क्रिश्चियन पुलिस थाना और चौकी का नाम बदलकर अब ‘कृष्णगंज’ कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देश पर गृह विभाग ने इस संबंध में नाम परिवर्तन के आदेश जारी कर दिए हैं। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही मांग के बाद यह फैसला लिया गया है।

    इस विषय पर देवनानी ने पुलिस विभाग के अधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद गृह विभाग के महानिरीक्षक दीपक कुमार द्वारा अधिसूचना जारी कर नाम परिवर्तन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई। इस निर्णय को सनातन संस्कृति और स्थानीय अस्मिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

    विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शहर के इतिहास, विरासत और योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मान दिलाना उनकी प्राथमिकता है। इसी सोच के तहत गुलामी की मानसिकता के प्रतीक पुराने नामों को हटाकर भारतीय संस्कृति से जुड़े नामों को अपनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह पहल भविष्य में भी जारी रहेगी, ताकि शहर की पहचान उसके गौरवशाली इतिहास और महान व्यक्तित्वों से और मजबूत हो सके।

    इसी क्रम में पूर्व में भी कई स्थानों के नाम बदले जा चुके हैं। फॉयसागर का नाम बदलकर ‘वरूण सागर’, किंग एडवर्ड मेमोरियल का नाम ‘महर्षि दयानंद विश्रांति गृह’ तथा होटल खादिम का नाम ‘होटल अजयमेरू’ किया गया है। साथ ही एलीवेटेड रोड का नामकरण ‘रामसेतु’ कर उसका विधिवत अनावरण भी किया गया था।

    नाम परिवर्तन के बाद अब पुलिस अभिलेखों, साइन बोर्डों, शासकीय दस्तावेजों तथा सभी आधिकारिक संचार माध्यमों में ‘कृष्णगंज’ नाम अंकित किया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

    उल्लेखनीय है कि कृष्णगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत लगभग एक लाख 50 हजार की आबादी आती है तथा इसका क्षेत्रफल भी कई किलोमीटर तक फैला हुआ है। कानून व्यवस्था की दृष्टि से यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में नए नाम के साथ क्षेत्र को सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान भी मिलेगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here