टी20 वर्ल्ड कप में भारत का ग्रुप चरण समाप्त हो चुका है और अब टीम की नजर सुपर 8 मुकाबलों पर है। अगले चरण में भारत को दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे जैसी मजबूत टीमों का सामना करना है।भारत ने डिफेंडिंग चैंपियन की छवि के अनुरूप प्रदर्शन किया है, लेकिन अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि टीम अभी अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं पहुंची है।
'औसत दिन पर भी जीतने की क्षमता'
अश्विन ने 'ऐश की बात' कार्यक्रम में भारत के प्रदर्शन का विश्लेषण करते हुए कहा, 'सूर्यकुमार ने बहुत समझदारी भरी पारी खेली। रन गति बढ़ाने के लिए दुबे, हार्दिक और रिंकू मौजूद थे। उन्हें पता था कि वे स्कोरिंग रेट को संभाल सकते हैं। लेकिन आज (नीदरलैंड्स के खिलाफ) भारत बल्लेबाजी में बेहद शानदार नहीं था, उतना प्रभावी भी नहीं था।' उन्होंने आगे कहा, 'यह इतनी मजबूत टीम है कि अपने साधारण दिन पर भी विपक्ष को हरा सकती है। हम औसत थे, अपने सर्वश्रेष्ठ पर नहीं थे। लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने इतनी अच्छी गेंदबाजी की कि नीदरलैंड्स उन्हें पढ़ नहीं सका। जसप्रीत बुमराह को पावरप्ले में स्विंग मिली और उन्होंने यॉर्कर भी डाले।' अश्विन के मुताबिक, टीम की सबसे बड़ी ताकत है यही है कि टीम कमजोर प्रदर्शन के बावजूद परिणाम अपने पक्ष में करने में कामयाब रहते हैं।
तिलक वर्मा की बल्लेबाजी पर खास टिप्पणी
अश्विन ने युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा की भी तारीफ की। उन्होंने टी20 क्रिकेट में टाइमिंग और तकनीक के महत्व पर जोर देते हुए कहा, 'तिलक वर्मा चोट के बाद वापसी कर रहे हैं। हम पावर और ताकत की बात करते हैं, लेकिन बल्लेबाजी का असली सार स्वीट स्पॉट और टाइमिंग है। तिलक बड़े पावर हिटर नहीं हैं। उनके लिए टाइमिंग और गैप ढूंढना ज्यादा अहम है।' उन्होंने आगे कहा, 'कृपया याद रखें, आप वैभव की तरह खेल सकते हैं, लेकिन आप तिलक की तरह भी खेल सकते हैं, जो टाइमिंग पर भरोसा करते हैं और गैप तलाशते हैं।' अश्विन का मानना है कि टी20 में सिर्फ बड़े शॉट्स ही सफलता की गारंटी नहीं हैं, बल्कि परिस्थिति के अनुसार समझदारी भी उतनी ही जरूरी है।
सुपर 8 की तस्वीर साफ
सुपर 8 चरण की लाइनअप अब पूरी हो चुकी है। पाकिस्तान ने नामीबिया पर जीत दर्ज कर ग्रुप ए से भारत के साथ क्वालिफाई किया। ग्रुप बी से श्रीलंका और जिम्बाब्वे, ग्रुप सी से वेस्टइंडीज और इंग्लैंड, जबकि ग्रुप डी से दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड अगले चरण में पहुंचे हैं। साथ ही, 2028 टी20 विश्वकप की 12 क्वालिफाई करने वाली टीमें भी तय हो चुकी हैं। इस साल सुपर आठ की सभी टीमें और साथ ही सह-मेजबान होने के कारण ऑस्ट्रेलिया को 2028 टी20 विश्वकप के लिए स्वतः क्वालिफिकेशन मिला है। वहीं, रैंकिंग के आधार पर अफगानिस्तान, बांग्लादेश, आयरलैंड भी शामिल हैं।
आगे की चुनौती
अब भारत के सामने असली परीक्षा है। सुपर-आठ में हर मुकाबला नॉकआउट जैसा होगा। अश्विन की बातों से साफ है कि टीम में आत्मविश्वास तो है, लेकिन सुधार की गुंजाइश भी मौजूद है। यदि भारत अपनी कमजोरियों को दूर कर लेता है, तो खिताब बचाने की राह और मजबूत हो सकती है।


