खाटू श्याम मंदिर के समीप आयोजित सम्मेलन में संतों का सम्मान, रामायण की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन
कठूमर। कस्बे के खाटू श्याम मंदिर के समीप रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ध्वजा यात्रा एवं कलश यात्रा निकालकर की गई। महिलाओं ने सिर पर सजे कलश धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
आयोजन समिति के सुरेश खंडेलवाल ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज में एकता, संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है। संत व कलश एवं भारत माता यात्रा कस्बे के झोपड़ी वाले सीताराम मंदिर से प्रारंभ होकर मेन बाजार, तहसील के सामने और अंहिसा सर्किल से होते हुए सम्मेलन स्थल पहुंची।
मुख्य वक्ताओं ने रखा विचार
सम्मेलन में मुख्य वक्ता अक्षय कुमार और बनवारी बापू ने अपने संबोधन में सनातन धर्म की महत्ता, भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा और सामाजिक समरसता पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से धर्म, राष्ट्र और संस्कृति के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
संतों और गो-रक्षकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में संत प्रयाग दास, बलराम दास एवं त्यागी जी महाराज का सम्मान किया गया। साथ ही गो-रक्षकों और हिंदू रक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
इवांका स्कूल द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुति दी गई, जिसमें रामायण का जीवंत वर्णन प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
गणमान्यजन रहे मौजूद
इस अवसर पर घनश्याम जाटव, ओमबीर सिंह चौधरी, सुरेश खंडेलवाल, पवन शर्मा, हेमंत चौधरी, राजेश चौधरी, देवेंद्र जैन, पूर्व चेयरमैन शेर सिंह मीना, सुनील बजाज, गोपेश भारद्वाज, अनिल कौशिक, दिगम्बर सिंह सहित सैकड़ों महिला-पुरुष और युवा हिंदू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरूकता और एकता का संदेश दिया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


