More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़बसव राजू की मौत से कमजोर पड़ा माओवादी नेटवर्क, 1400 से अधिक...

    बसव राजू की मौत से कमजोर पड़ा माओवादी नेटवर्क, 1400 से अधिक नक्सलियों ने किया सरेंडर

    जगदलपुर। बस्तर के घने जंगलों में दशकों से बारूद के दम पर खड़ी माओवादी हिंसा अब अंत के कगार पर है। माओवादियों के केंद्रीय सैन्य प्रमुख बसव राजू की मौत ने पूरे संगठन की रीढ़ को तोड़ दिया है। नंबाला केशव राव उर्फ बसव राजू माओवादियों का प्रमुख रणनीतिकार भी था।

    उसकी मौत के बाद संगठन दो फाड़ दिख रहा है। समर्पण करने वाले माओवादियों से सुरक्षा बलों को मिले इनपुट के अनुसार बसव राजू के मारे जाने के बाद अगला प्रमुख बनने की दौड़ में शामिल शीर्ष माओवादी भूपति व देवजी के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है कि वे इस लड़ाई को आगे जारी रखें या नहीं।

    क्षेत्रीय ब्यूरो (सीआरबी) प्रमुख भूपति उर्फ अभय की ओर से बार-बार शांति वार्ता के लिए वातावरण बनाने की बात की जा रही है। यह भी बताया जा रहा है कि वह समर्पण की तैयारी में है और तेलंगाना व महाराष्ट्र पुलिस के संपर्क में है। दूसरी ओर केंद्रीय मिलिट्री कमीशन (सीएमसी) प्रमुख देवजी अभी लड़ाई को जारी रखने के पक्ष में बताया जा रहा है।

    बस्तर आइजीपी सुंदरराज पी. ने भी दावा किया है कि कई शीर्ष माओवादी समर्पण के लिए पुलिस के संपर्क में हैं। अप्रैल से जून 2025 के बीच 12 बड़ी मुठभेड़ों में से नौ में अग्रिम खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई। बसव राजू की मौत के बाद माओवादियों ने पत्र जारी कर स्वीकारा किया कि उसकी सुरक्षा में तैनात कंपनी नंबर सात के दो माओवादियों ने उसकी उपस्थिति की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई थी।

    पिछले दिनों शीर्ष माओवादी सुधाकर और भास्कर को भी स्पष्ट सूचना के आधार पर ही ढेर किया गया। पिछले 16 माह में 1400 से अधिक माओवादियों के समर्पण से भी स्पष्ट है कि अब कैडरों का भरोसा माओवादी संगठन से टूटा है।

    20 साल बाद बाहर आई हिड़मा की तस्वीर
    माओवादी संगठन में केंद्रीय समिति सदस्य कुख्यात माओवादी हिड़मा की 20 वर्ष बाद नई तस्वीर सुरक्षा एजेंसियों को मिली है। पांच लेयर सुरक्षा में रहने वाले हिड़मा की तस्वीर बाहर आने से स्पष्ट हैं कि उसकी सुरक्षा में भी सेंध लग चुकी है।

    बीजापुर में पांच और माओवादियों के शव मिले
    बीजापुर के इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में तीन दिनों से जारी मुठभेड़ में सात माओवादी ढेर हुए हैं। इनमें 40 लाख का इनामी सुधाकर, 45 लाख का इनामी भास्कर शामिल है। शनिवार को पांच और माओवादियों के शव मिले। इनमें दो महिला और तीन पुरुष हैं। उनकी पहचान की जा रही है। बता दें कि पिछले 16 महीनों में सुरक्षा बलों ने 409 माओवादियों के शव बरामद किए हैं।

    माओवादी विरोधी अभियान में शामिल जवानों से मिलेंगे शाह
    गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को दिल्ली में छत्तीसगढ़ में माओवादी विरोधी अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों से मिले। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों का सम्मान किया और कहा कि अभियान को बहादुरी से सफल बनाने वाले जवानों से मिलने के लिए उत्सुक हूं और जल्द ही छत्तीसगढ़ आकर उनसे भेंट करूंगा। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here