वरीयता सूची जारी करने के आश्वासन पर कर्मचारियों ने स्थगित किया धरना
अलवर। पंचायती राज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन, जिला शाखा अलवर द्वारा वरीयता सूची जारी करने की मांग को लेकर पिछले दिनों से चल रहा धरना आज सकारात्मक परिणाम के साथ स्थगित कर दिया गया। यह आंदोलन संगठन के जिला अध्यक्ष दीपक यादव के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा था, जिसमें जिले भर के मंत्रालयिक कर्मचारियों की उल्लेखनीय एकजुटता देखने को मिली।
लंबे समय से वरीयता सूची लंबित होने के कारण कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त था। पदोन्नति प्रभावित होने से संगठन ने चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति के तहत धरना शुरू किया था। कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से अपनी मांग प्रशासन के समक्ष रखी।
आज मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष लोकेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों की जिला परिषद अलवर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव रवींद्र सालुंखे के साथ सकारात्मक एवं सार्थक वार्ता हुई।
वार्ता के दौरान सीईओ ने वरीयता सूची के संबंध में प्राप्त आपत्तियों को पुनः जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने तथा प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
प्रशासन द्वारा मिले आश्वासन के बाद जिला अध्यक्ष दीपक यादव ने कर्मचारियों से संवाद करते हुए संगठन की एकजुटता को इस सफलता का आधार बताया और कर्मचारियों की सहमति से धरना स्थगित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह कर्मचारियों की एकता और संगठन की मजबूती का परिणाम है।
धरना स्थल पर जिले की विभिन्न पंचायत समितियों एवं जिला परिषद कार्यालयों से आए मंत्रालयिक कर्मचारियों की भारी भागीदारी रही। कर्मचारियों में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता और संगठन के प्रति विश्वास का माहौल दिखाई दिया।
दीपक यादव ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में वरीयता सूची जारी नहीं की गई तो संगठन पुनः आंदोलन की रणनीति तय करेगा और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान वरिष्ठ कर्मचारी नेता ठाकुर सिंह, मनीष शर्मा, तेजपाल चौधरी, जितेंद्र सैनी, दयाराम गुर्जर, घासीराम यादव सहित जिले भर के मंत्रालयिक कर्मचारी उपस्थित रहे। संगठन ने अंत में सभी कर्मचारियों, महासंघ पदाधिकारियों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


