21 साल की उम्र में सीए फाइनल दोनों ग्रुप पास कर बने परिवार के आठवें चार्टर्ड अकाउंटेंट, बढ़ाया कस्बे का मान
किशनगढ़ बास। चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा में किशनगढ़ बास के होनहार बेटे उदित अग्रवाल ने 21 वर्ष की आयु में सीए फाइनल (दोनों ग्रुप) प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण कर माता-पिता सहित पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और कस्बे में खुशी की लहर है।
यह सफलता परिवार के लिए इसलिए भी विशेष है क्योंकि उदित अपने परिवार के आठवें सीए बने हैं। परिवार के मुखिया स्वर्गीय मूलचंद जलालपुरिया के छह पुत्र थे और उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उदित ने भी सफलता हासिल की है।
उदित अग्रवाल के पिता नवीन अग्रवाल एडवोकेट होने के साथ कपड़ा व्यवसायी भी हैं, जबकि माता सीमा अग्रवाल गृहिणी हैं। उदित अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं। दादाजी ओमप्रकाश अग्रवाल भी पारिवारिक कपड़े की दुकान पर सहयोग करते हैं। ताऊ राजेंद्र अग्रवाल राजस्व विभाग में कानूनगो के पद पर कार्यरत हैं तथा चाचा की अलवर में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है।
उदित ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ तीन वर्षों तक अलवर में के.एल. डाटा एंड कंपनी में विजय डाटा के निर्देशन में ऑडिट प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कई प्रतिष्ठित कंपनियों की ऑडिट में भाग लिया। परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने प्रतिदिन 6 से 16 घंटे तक अध्ययन किया।
उदित का कहना है कि कोई भी परीक्षा असंभव नहीं होती, बल्कि सही दिशा में निरंतर मेहनत और अनुशासन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उनकी यह सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है जो सीए जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
जैसे ही उदित के सीए बनने की खबर फैली, व्यापारियों, मित्रों और समाज के प्रबुद्धजनों ने उनके घर और दुकान पहुंचकर शुभकामनाएं दीं। माला और साफा पहनाकर उनका सम्मान किया गया तथा मिठाई खिलाकर खुशी मनाई गई। पिता नवीन अग्रवाल ने भी लड्डू बांटकर सभी का मुंह मीठा कराया।
बधाई देने वालों में सिंधी समाज के मुखी गोकुल दास, अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष सुरेश सिंघल, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज मित्तल, किराना व्यापार मंडल अध्यक्ष मदनलाल अग्रवाल, कपड़ा यूनियन के विनय गोयल, लघु उद्योग संघ अध्यक्ष हरमेश खुराना, समाजसेवी संदीप अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उदित अग्रवाल की इस उपलब्धि से किशनगढ़ बास में गर्व और उत्साह का माहौल है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क



