आयु सीमा बढ़ाकर 22 वर्ष की गई, 3 से 10 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे इच्छुक अभ्यर्थी
अलवर। भारतीय वायुसेना में अग्निवीरवायु पदों पर भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक बार फिर सुनहरा अवसर आया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत 3 मार्च से 10 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। इस बार आयु सीमा में विशेष छूट दी गई है, जिससे अधिक संख्या में युवा आवेदन के पात्र हो सकेंगे।
वायु सैनिक चयन केंद्र के कमान अधिकारी विंग कमांडर अभिषेक कटोच ने बताया कि भारतीय वायु सेना ने अग्निवीरवायु इंटेक 01/2027 के लिए आवेदन पोर्टल पुनः खोल दिया है। अब अधिकतम आयु सीमा 21 वर्ष से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी गई है। इससे वे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे जो पहले आयु सीमा के कारण वंचित रह गए थे।
उन्होंने बताया कि अग्निवीरवायु पदों के लिए पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। यह देश की सशस्त्र सेनाओं में शामिल होकर सेवा करने का सुनहरा अवसर है। भारतीय वायुसेना ने हाल ही में जारी कोरिजेंडम के माध्यम से आयु सीमा में दी गई छूट की जानकारी दी है।
आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता
इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट https://iafrecruitment.edcil.co.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 01 जनवरी 2005 से 01 जुलाई 2009 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच होना अनिवार्य है।
शैक्षणिक योग्यता के तहत अभ्यर्थी को 12वीं या समकक्ष परीक्षा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही अंग्रेजी विषय में भी कम से कम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।
12वीं में भौतिकी एवं गणित विषय वाले अभ्यर्थी साइंस ग्रुप तथा अन्य ग्रुप दोनों में आवेदन कर सकते हैं। जबकि अन्य विषयों से 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी केवल नॉन-साइंस ग्रुप में आवेदन के पात्र होंगे।
आयु सीमा के अतिरिक्त अन्य सभी शर्तें एवं चयन प्रक्रिया 17 जनवरी 2026 के रोजगार समाचार में प्रकाशित भर्ती विज्ञापन के अनुसार ही लागू होंगी। अभ्यर्थी विस्तृत विज्ञापन एवं कोरिजेंडम संबंधित वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
वायुसेना अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं और राष्ट्र सेवा के इस गौरवशाली अभियान का हिस्सा बनें।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

