बाला किला से निकलेगी हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा, ध्वज यात्रा व हैलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, 501 ध्वजवाहक व हजारों भक्त होंगे शामिल
अलवर। हनुमान जयंती महोत्सव समिति बाला किला अलवर की ओर से दो दिवसीय 25वां श्री हनुमान जन्मोत्सव महोत्सव 01-02 अप्रैल 2026 को परंपरागत हर्षोल्लास, वैदिक मंत्रोच्चार, भव्य शोभायात्रा और भंडारे के साथ आयोजित किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष महेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि 25वें जन्मोत्सव को अधिक प्रभावी, आकर्षक और भव्य बनाने के लिए सभी हनुमान भक्त तैयारियों में जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल (बुधवार) को शाम 5 बजे वंडर मॉल के सामने से भव्य शोभायात्रा रवाना होगी। शोभायात्रा में 501 ध्वज वाहक श्रद्धालु, लगभग 3 हजार हनुमान भक्त, 5 घोड़ी, 2 ऊंट, 6 आकर्षक झांकियां, डीजे, मुंबई-नासिक बैंड सहित कई विशेष आकर्षण शामिल रहेंगे।
इसके अलावा वृंदावन की झांकी, दिल्ली से पर्वत उठाने वाले हनुमानजी की झांकी, देहरादून से गंगा मैया, हरिद्वार की गंगा आरती की प्रस्तुति, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, कलकत्ता से बाबा का विशेष शृंगार, 35 फुट ऊंची हनुमानजी की प्रतिमा, स्वर्ण रथ, मटका प्याऊ, रंगीन आतिशबाजी, गुजरात की पट्टेबाजी, चक्रधारी हनुमानजी का भव्य रथ और अखाड़ा प्रदर्शन शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे।
शोभायात्रा को रवाना करने के लिए वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में तथा समिति संरक्षक अनिल गुप्ता और लक्ष्मी गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए श्रीरामयणी हनुमान मंदिर पहुंचेगी।
समिति अध्यक्ष ने बताया कि श्री हनुमान जयंती महोत्सव समिति (रजि.) के तत्वावधान में बाला किला स्थित श्री चक्रधारी हनुमानजी महाराज मंदिर परिसर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा तथा हनुमानजी महाराज का फूल-पत्तियों से अलौकिक शृंगार किया जाएगा।
2 अप्रैल (गुरुवार) को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रामधुनी का आयोजन होगा। इसके साथ ही सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक अटूट भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

