महिला दिवस पर गौरी देवी महाविद्यालय में अस्मिता लीग, दौड़ प्रतियोगिताओं में हजार महिला प्रतिभागियों की भागीदारी
अलवर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय खेल प्राधिकरण एवं माय भारत केंद्र के समन्वय से 8 मार्च को गौरी देवी महाविद्यालय, अलवर में अस्मिता लीग का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में जिलेभर की बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी भाग लेंगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय योगेश डागुर ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत तीन आयुवर्ग—अंडर 13, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक—में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन आयुवर्गों में 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर की दौड़ की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इस प्रकार कुल 9 दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान दो विशेष एनगेजमेंट गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें रस्साकसी और रंगोली प्रतियोगिता शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने तथा उनमें खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में करीब एक हजार महिला प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

